Wed. Jul 22nd, 2026

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के साण्डी कस्बे में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। इंदिरा पार्क परिसर में बनी नगर पालिका की पानी की टंकी में लीकेज ठीक करने का काम चल रहा था।

इसी दौरान पानी का दबाव अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया, जिससे टंकी का वाल्व प्लेट फट गया। इसके बाद तेज रफ्तार से पानी का फव्वारा निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में आसपास की सड़कें पानी से भर गईं और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद नगर पालिका की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का काम शुरू कर दिया।

बाल-बाल बच गए, बड़ा हादसा टल गया

घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार पानी की टंकी के ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत कर रहे थे। तभी अचानक अत्यधिक प्रेशर के कारण वाल्व की प्लेट फट गई और तेज बहाव की चपेट में ऑपरेटर भी आ गए। गनीमत रही कि उन्होंने किसी तरह खुद को संभाल लिया और बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इंदिरा पार्क और मुख्य मार्ग के आसपास पानी ही पानी नजर आने लगा।

पानी के बहाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

नगर पालिका द्वारा नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई इस टंकी में तकनीकी खराबी आने से कुछ समय के लिए जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। फिलहाल पानी के तेज बहाव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाल्व फटने के साथ ही तेज आवाज हुई और बड़ी मात्रा में पानी मुख्य मार्ग और इंदिरा पार्क परिसर में फैल गया। सड़क पर जलभराव हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *