देश के कई राज्यों में लगातार बारिश और बाढ़ से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुजरात, असम, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर के राज्यों, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य के 5 जिलों के 763 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ और बारिश के कारण अब तक 68 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
वहीं गुजरात में भी लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कई इलाकों में पानी भर गया है और जनजीवन प्रभावित हुआ है। अहमदाबाद में इतनी बारिश हुई है कि पिछले 20 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने आज भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। IMD के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में आज भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड से बढ़ी परेशानी
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और फ्लैश फ्लड से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डोडा जिले में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोग डरे हुए हैं और सरकार से सुरक्षित जगह पर बसाने की मांग कर रहे हैं।
वहीं बनिहाल के रामसू ब्लॉक के गंगरू इलाके में भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है। इसके कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) बंद हो गया। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का काम प्रशासन की ओर से लगातार किया जा रहा है।
हालांकि जम्मू-कश्मीर में छह दिनों की लगातार बारिश के बाद अब मौसम साफ हो गया है, लेकिन नदियां, नाले और बांध अभी भी पानी से भरे हुए हैं। ऐसे में प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
यूपी में उफान पर नदियां
पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। घाघरा-शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। ये नदियां आसपास के गांवों में कहर बरपा रहा है।
गुजरात के कई इलाकों में भरा पानी
गुजरात की बात करें तो यहां भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अहमदाबाद में लगातार हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में पानी ने परेशानी बढ़ा दी है। अहमदाबाद में शहर से लेकर गांव तक भारी बारिश के बाद जनजीवन अस्त व्यस्त है।
असम में 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित
असम में बाढ़ के हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। राज्य के एक बड़े हिस्से में बाढ़ से लोगों की जिंदगी ठहर गई है। शिवसागर इलाके में बाढ़ के मटमैले पानी में लोगों के घर डूबे हुए हैं। जान बचाने के लिए लोग अपने परिवार के साथ लोग टिन की छत पर शरण लिए हुए हैं। जोरहाट जिले में भी गांव के गांव पानी में घिरे हुए हैं, जहां राहत और बचाव के लिए एजेंसियां लगी हुई हैं। असम में बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। यहां पहले दस जिलों के 7 लाख से अधिक लोग बाढ़ प्रभावित थे, लेकिन अब भी असम के पांच जिलों में 5 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हैं।
