Sat. Jul 18th, 2026

सलमान खान से जुड़े कथित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म को लेकर सलमान खान पहले ही अदालत का रुख कर चुके हैं। उन्होंने याचिका दायर कर फिल्म की शूटिंग, प्रमोशन और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। इसी कानूनी विवाद के बीच फिल्म के मेकर्स ने दूसरा टीजर जारी किया है।

टीजर में कोर्टरूम का दृश्य दिखाया गया है, जहां ‘अयान खान’ नाम के एक व्यक्ति पर हिरण के शिकार का आरोप है। कोर्ट में इस मामले पर बहस होती है और एक गवाह उस रात की घटना के बारे में अपनी बात रखता है।

टीजर में कुछ ऐसे दृश्य और संवाद भी हैं, जिनकी चर्चा हो रही है। इसमें मुख्य किरदार का लुक सलमान खान से मिलता-जुलता नजर आता है। उसके हाथ में अभिनेता की तरह ब्रेसलेट दिखाया गया है। साथ ही टीजर में ‘दबंग’ और ‘सिकंदर’ जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है, जिसके बाद फिल्म को लेकर विवाद और बढ़ गया है।

विवादित फिल्म का यह टीजर तब जारी किया गया है, जब दिल्ली हाई कोर्ट ने सलमान खान की उस याचिका पर सुनवाई टाल दी है जिसमें उन्होंने इस प्रस्तावित फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। फिल्म बनाने वालों ने यह भी घोषणा की है कि ‘काला हिरण- द बैटल फॉर लिगेसी’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि, रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है। 

बता दें कि इस फिल्म में अभिनेता गोविंद नामदेव भी हैं, जो टीजर में बिश्नोई समाज के वकील की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म में अयान खान का किरदार एक्टर काशिफ इकबाल खान ने अदा किया है। इस फिल्म के निर्देशन की कमान भरत एस श्रीनेत ने संभाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *