नई दिल्ली: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को देश की प्रमुख खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है।

महेश दीक्षित को आंतरिक सुरक्षा और खुफिया मामलों का व्यापक अनुभव है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब देश की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार की मंजूरी के बाद वह जल्द ही इंटेलिजेंस ब्यूरो प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे।
बता दें कि आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आइपीएस अधिकारी दीक्षित वर्तमान आइबी निदेशक तपन कुमार डेका की जगह लेंगे।
वह आइबी में विशेष निदेशक के तौर पर काम कर रहे हैं और उन्हें जम्मू-कश्मीर में राज्य इंटेलिजेंस ब्यूरो के प्रमुख के तौर पर काम करने का लंबा अनुभव है।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने के समय वे आईबी की श्रीनगर यूनिट के प्रमुख थे और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की खुफिया गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास थी।
उनके पास आतंकवाद विरोधी अभियानों, आंतरिक सुरक्षा और खुफिया संचालन का व्यापक अनुभव है। विभिन्न स्रोतों के अनुसार, कश्मीर घाटी में स्थिरता बनाए रखने और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
