मुंबई के चेंबूर में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल जा रही एक बस पर अचानक बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 10 बच्चे घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व राहत दल ने बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक चेंबूर क्षेत्र में रोड नंबर 11 पर सुबह के समय ट्रैफिक की भीड़भाड़ थी. यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस बच्चों को पिकअप कर रही थी. तभी तेज हवा के चलते पुराना पेड़ बस पर गिर पड़ा. बस के ऊपरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है.
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, पुलिस, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. फंसे बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. ज्यादातर बच्चे 8 से 14 साल के बीच बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों मुताबिक इलाके में कई पुराने पेड़ खतरनाक स्थिति में हैं. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है. मुंबई पुलिस और BMC की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.
सांसद राहुल शेवाले का कहना है की हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि दोपहर 2:50 बजे मुंबई के चेंबूर स्थित रोड नंबर 11 पर यूनिवर्सल स्कूल, तिलक नगर की स्कूल बस पर एक पेड़ गिर गया, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई. बस में मौजूद अन्य सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वहीं 4 घायल छात्रों का जैन अस्पताल में इलाज जारी है.
