नगालैंड के चुमौकेदिमा इलाके में एक संदिग्ध आईईडी (IED) विस्फोट हुआ है। इस धमाके में असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध आईईडी ब्लास्ट माना जा रहा है। घायल जवानों का इलाज चल रहा है और सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं।
कैसे हुआ यह हादसा? सर्च ऑपरेशन जारी
सुरक्षा अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स के जवान एक बोलेरो एसयूवी गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से प्लान किए गए एक बम (IED) में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में जवानों की गाड़ी आ गई। यह घटना असम और नागालैंड की सीमा के पास हुई है, जहां असम राइफल्स का एक ट्रेनिंग सेंटर भी मौजूद है।
धमाके में घायल हुए चारों जवानों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के ठीक बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। इसके अलावा हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में एक बहुत बड़ा तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया जा रहा है।
