Wed. Jul 15th, 2026

दक्षिणी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में आठ महीने पहले बनी सड़क पहली ही बारिश में धंस गई है। सड़क धंसने से स्थानीय लोगों में हादसे का डर बना हुआ है।

जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की

स्थानीय आरडब्ल्यूए ने आरोप लगाया है कि सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड से मामले की तकनीकी जांच कराने और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि अगर सड़क अच्छी गुणवत्ता से बनाई गई होती, तो पहली बारिश में उसकी यह हालत नहीं होती।

वर्षा के बाद दोबारा से सड़क धंस चुकी

न्यू फ्रेंड्स काॅलोनी के ए ब्लाॅक में अप्रैल 2025 में सीवर और पेयजल लाइनों की मरम्मत के लिए सड़क की खोदाई की गई थी। इसके बाद मई में सड़क बनाई गई थी और छह महीने बाद यह टूट गई थी। नवंबर में दोबारा से सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया गया था। अब आठ महीने बाद जुलाई में वर्षा के कुछ दिनों बाद दोबारा से सड़क धंस चुकी है। ए-156 से ए-161 के सामने सड़क धंसने से पैदल चलने वालों से लेकर वाहनचालकों तक के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।

सड़क की तकनीकी जांच की मांग

एनएफसी अशोका पार्क आरडब्ल्यूए ने इसे लेकर जल बोर्ड के तमाम अधिकारियों से शिकायत की है। इसमें लिखा है कि निर्माण कार्य के बाद दो बार सड़क का धंसना खराब गुणवत्ता के नागरिक कार्य का स्पष्ट उदाहरण है।

विभागों की लापरवाही के चलते स्थानीय लोगों को बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए ने सड़क की तकनीकी जांच कराने और निर्माण कार्य में शामिल लोगों की जिम्मेदारी तय करने की मांग रखी है।

आठ महीने पहले ही सड़क बनाई गई थी और एक ही वर्षा में यह धंस चुकी है। इस सड़क पर वाहनचालक कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। हमने जल बोर्ड से शिकायत कर तकनीकी जांच कराने और सड़क जल्द बनाने की मांग की है।-अरुण जग्गी, मैनेजिंग कमेटी सदस्य, एनसीएफ आरडब्ल्यूए अशोका पार्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *