पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर के जरिए नया सियासी संदेश देने की कोशिश की गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग की गई है।
वहीं, पोस्टर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार’ बताया गया है। इसके जरिए उन्हें पार्टी और बिहार के भविष्य के नेता के रूप में पेश करने की कोशिश की गई है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की सराहना
जदयू कार्यालय के बाहर लगाए गए इन पोस्टरों में नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की जमकर सराहना की गई है। पोस्टर में उन्हें ‘जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल’ और ‘अद्वितीय प्रशासनिक युग’ का प्रतीक बताया गया है। साथ ही बड़े अक्षरों में लिखा गया है, “नीतीश सेवक मांग रहा है, अब भारत रत्न सम्मान”, जिसे राजनीतिक जानकार जनभावना और संगठन के भीतर समर्थन का संदेश देने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार’ बताया गया
पोस्टर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार’ बताया गया है। इसके साथ ही लिखा गया है, “तीर निशान… तकदीर निशांत”। इस नारे के सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में उत्तराधिकार और भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पोस्टर में नीतीश कुमार की उपलब्धियों का उल्लेख
हालांकि, जदयू की ओर से इस पोस्टर को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पोस्टर में नीतीश कुमार की बड़ी तस्वीर के साथ उनके शासनकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
