नोएडा के सेक्टर-19 ए ब्लॉक में रविवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीसरी मंजिल के एक कमरे में लगे विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट होने से सुबह करीब 11 बजे आग लगी। देखते ही देखते पूरे इलाके में धुआं फैल गया।
आग तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। हालांकि, आग ज्यादा फैलने से पहले ही घर में मौजूद युवतियों समेत कुल 11 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
नोएडा सेक्टर 19 आरडब्ल्यूए महासचिव लख्मी नारायण ने बताया कि सेक्टर 19 ए-682 भूखंड पर तीन मंजिला मकान बना हुआ है। तीसरी मंजिल के तीन कमरों में किराये पर युवतियां रहती हैं।
एक कमरे में लगे वि़ंडो एसी में पड़ाेसी को धुआं निकलता दिखा। उन्होंने शोर मचाकर कमरों में रहने वाली युवतियों को अगाह किया और अग्निशमन को आग की सूचना दी। युवतियों व अन्य लोगों के साथ मिलकर आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग फैलती चली गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह करीब 11 बजकर 27 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली।टीम तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। टीम बीए सेट पहनकर अंदर घुसी। पानी की वर्षा करते हुए आग को बुझाना शुरू किया। खिड़कियां खोलकर व शीशे आदि तोड़कर धुआं निकलने की व्यवस्था की। आग को दो मंजिल पर ही रोक दिया। करीब घंटेभर बाद दो गाड़ियों की मदद से ही आग पर काबू पा लिया। आग के दौरान न कोई फंसा और न ही किसी के कोई चोट आई।
