प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे कई विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे और शिक्षा, तकनीक, कौशल विकास और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
प्रधानमंत्री सबसे पहले सुबह करीब 9:45 बजे पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर पहुंचेंगे. यहां वे संस्थान के 75 साल पूरे होने पर आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे.
इसके बाद प्रधानमंत्री बिहार के वैशाली जाएंगे. यहां वे कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. इसके बाद वे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे. शाम करीब 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे.
IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर खास कार्यक्रम
IIT खड़गपुर की स्थापना साल 1951 में हुई थी. यह देश का पहला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) है. इस संस्थान ने पिछले 75 सालों में तकनीकी शिक्षा, रिसर्च और नई तकनीकों के विकास में अहम योगदान दिया है.
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान IIT खड़गपुर के 75 छात्रों से बातचीत भी करेंगे. ये छात्र संस्थान के 75 साल के सफर का प्रतीक होंगे. इस बातचीत में युवाओं के विचारों, नई खोजों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी.
पिछले 75 सालों में IIT खड़गपुर ने देश को कई इंजीनियर, वैज्ञानिक, उद्यमी और नीति निर्माता दिए हैं. इसके छात्र भारत के साथ-साथ दुनिया के कई देशों में अपनी पहचान बना चुके हैं.
युवाओं, तकनीक और नई खोजों पर रहेगा जोर
IIT खड़गपुर में प्रधानमंत्री के संबोधन में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं, तकनीक और नई खोजों की भूमिका पर जोर रहने की उम्मीद है.
इसके बाद लखनऊ में होने वाले 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री हिस्सा लेंगे. इस कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी. इसका मकसद कौशल विकास के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है.
52 टॉपर्स को किया जाएगा सम्मानित
इस साल देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों के 52 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा.
इन युवाओं ने तकनीकी कौशल, मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है. इस समारोह के जरिए युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार के अवसरों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. साथ ही, व्यावसायिक शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा.



