Loading...
Sun. Jul 5th, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “1.4 अरब भारतीयों की ओर से मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और संयुक्त राज्य अमेरिका के सभी नागरिकों को उनके ऐतिहासिक 250वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं।” उन्होंने अमेरिका के लोगों के सुख, समृद्धि और दोनों देशों के मजबूत संबंधों की भी कामना की।

भारत-अमेरिका साझेदारी के नई ऊंचाइयों पर

उन्होंने भारत और अमेरिका के संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच केवल रणनीतिक साझेदारी ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों की असीम क्षमता में साझा विश्वास भी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यही मूल्य भारत-अमेरिका की मित्रता को वैश्विक भलाई की एक मजबूत शक्ति बनाते हैं। उन्होंने अमेरिका के लिए आने वाले 250 वर्षों में और अधिक समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना करते हुए भारत-अमेरिका साझेदारी के नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद जताई।

भारतीय नौसेना ने आईएनएस सुदर्शिनी को अमेरिका भेजा है

इस अवसर पर न्यूयॉर्क स्थित भारतीय मिशन ने भी अमेरिकी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मिशन ने अपने संदेश में कहा कि भारत और अमेरिका ‘वी द पीपल’, स्वतंत्रता, आजादी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता का उत्सव मनाते हैं। वहीं, अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भारतीय नौसेना ने आईएनएस सुदर्शिनी को अमेरिका भेजा है।

  • भारतीय नौसेना ने कहा कि समुद्री अभियान लोकायन-26 के तहत आईएनएस सुदर्शिनी न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुई है। यह अभियान भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और विभिन्न देशों के साथ समुद्री सहयोग, सद्भावना तथा आपसी विश्वास को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
  • रक्षा मंत्रालय के अनुसार, आईएनएस सुदर्शिनी पिछले सप्ताह बाल्टीमोर बंदरगाह पहुंची थी। यह पोत 26 जून को वर्जीनिया के नॉरफॉक से रवाना होकर ऐतिहासिक चेसापीक एंड डेलावेयर (सी एंड डी) नहर से होते हुए बाल्टीमोर पहुंचा।
  • इससे पहले 19 से 23 जून तक आईएनएस सुदर्शिनी ने नॉरफॉक में आयोजित सेल 250 वर्जिनिया समारोह में भी भाग लिया, जहां उसने दुनिया के विभिन्न देशों के पारंपरिक नौकायन जहाजों के साथ परेड ऑफ सेल और सिटी क्रू परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *