धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रविवार को शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। उन्हें शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके अगले दिन उन्होंने पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद प्रल्हाद जोशी ने कहा कि वह फिलहाल मंत्रालय के कामकाज को समझ रहे हैं और अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय उनके लिए नया विभाग है, इसलिए वह पहले इसकी पूरी जानकारी हासिल करना चाहते हैं।
पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर भरोसा जताते हुए यह जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय को अच्छी तरह समझने के बाद ही वह इससे जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
पूरे मंत्रालय के कामकाज को समझने की कोशिश कर रहा हूं
प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुझ पर भरोसा जताते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। मैं कल कर्नाटक में था। मैं कल रात को यहां पहुंचा और आज सुबह पद संभालने आया। मैंनें पदभार ग्रहण कर लिया है। मैं यहां की सभी जानकारियों और लिए जाने वाले फैसलों की समीक्षा कर रहा हूं। मैं जानकारी इकठ्ठा कर रहा हूं और पूरे मंत्रालय के कामकाज को समझने की कोशिश कर रहा हूं।
आज हमारी लगातार बैठक हुईं। यह मेरे लिए एक नया विषय हैं। मैंने आज पद संभाला है और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की है। यह एक बहुत बड़ा विभाग है, इसलिए इसे पूरी तरह समझने के बाद ही मैं आपसे विस्तार से बात करूंगा
पद संभालने के तुरंत बाद, जोशी ने ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा किया और शिक्षा मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि मैं इसे विनम्रता और कर्तव्य की गहरी भावना के साथ स्वीकार करता हूं।
