रूसी सेना में भर्ती से बचने की सलाह
भारत सरकार ने रूस जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि ऐसी लगातार खबरें सामने आ रही हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किए जाने की बात कही जा रही है।
विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को सलाह दी है कि वे विदेश में नौकरी के ऑफर को लेकर सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति या एजेंट के कहने पर नौकरी के लिए रूस न जाएं और ऑफर की पूरी जांच जरूर करें।
पैसे के लिए रूसी सेना में शामिल न हों
सरकार ने उन भारतीयों को भी चेतावनी दी है जो पैसे कमाने के लालच में रूसी सेना में शामिल होने का रास्ता तलाश रहे हैं।
MEA ने कहा है कि कुछ लोगों को यह उम्मीद रही कि सेना में शामिल होने के बाद वे भारतीय अधिकारियों से संपर्क करके वापस भारत आ जाएंगे। सरकार ने साफ किया है कि ऐसा करना बेहद खतरनाक है और भारतीय नागरिकों को इससे बचना चाहिए।
रूसी पासपोर्ट लेने को लेकर भी चेतावनी
विदेश मंत्रालय ने बताया कि कुछ भारतीय नागरिक रूसी पासपोर्ट हासिल करने और इसके बाद रूसी सेना में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्रालय ने लोगों से कहा है कि थोड़े समय के आर्थिक फायदे के लिए ऐसा कोई फैसला न लें। रूसी सेना में शामिल होने से गंभीर और जानलेवा खतरे हो सकते हैं।
फर्जी एजेंटों से रहें सावधान
MEA के अनुसार, कुछ गैर-सरकारी संगठनों और स्वयंसेवी समूहों के जरिए भी विदेशी नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती करने के लिए संपर्क किए जाने की जानकारी मिली है।
सरकार ने भारतीय नागरिकों से कहा है कि रूस में नौकरी का कोई भी ऑफर मिलने पर उसकी अच्छी तरह जांच करें। खासकर ऐसे एजेंटों से सावधान रहें जो विदेश मंत्रालय के साथ पंजीकृत नहीं हैं।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि बिना पूरी जांच के किसी भी विदेशी नौकरी के ऑफर पर भरोसा न करें और रूसी सेना में भर्ती होने से पूरी तरह बचें।
यह भी पढ़े- दिल्ली Parking: 1 नवंबर से दोगुना होगा पार्किंग शुल्क, जानें सस्ती पार्किंग के विकल्प



