देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 8 घंटों के अंदर उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा समेत 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। कई जगहों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली मे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज से बारिश-आंधी का दौर शुरू हो सकता है। जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 7 जुलाई यानी आज दिल्ली के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। सुबह से हल्की बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने आंधी का भी अलर्ट जारी किया है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। 5-6 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तथा 5 से 7 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 7 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और 8 से 10 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9-10 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
