Loading...
Tue. Jul 7th, 2026

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में तनाव का माहौल बना हुआ है। रविवार को 12 वर्षीय एक बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की आशंका को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया था। गुस्साई भीड़ ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। अब सोमवार को उसी तालाब से एक और सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तालाब से बरामद किए गए दूसरे शव की पहचान कृष्णकांत हलदार के रूप में हुई है. वह पिछले शुक्रवार से लापता था. पुलिस कर्मी जब रविवार को मिली नाबालिग लड़की के मामले में सबूत जुटाने के लिए तालाब में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी उन्हें यह दूसरा शव मिला.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बरुईपुर थाना पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या का मामला है या मौत का कोई और कारण था. इस सिलसिले में अधिकारियों ने जानकारी जुटाने के लिए परिवार के सदस्यों से संपर्क किया है.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच में अभी तक दूसरे शव और नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म व हत्या के मामले के बीच कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है. पुलिस, मौत के समय और कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

इस मामले पर बात करते हुए बरुईपुर के एसडीपीओ (SDPO) अभिषेक रंजन ने कहा, “आज सूर्यापुर इलाके के एक तालाब से एक पुरुष का सड़ा-गला शव बरामद किया गया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक की पहचान कर ली गई है. शव मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है, और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उनकी किसी से पुरानी दुश्मनी थी.”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

इस बीच, मृत नाबालिग लड़की की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची के सिर पर किसी भारी चीज से वार करके पहले उसे बेहोश किया गया और फिर तालाब में फेंक दिया गया, जिससे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हुई.

पोस्टमार्टम में यौन उत्पीड़न के प्रारंभिक सबूत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम की सख्त धाराएं जोड़ दी हैं. अब इस केस में भारतीय न्याय संहिता के तहत बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, हत्या, सबूत मिटाने और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत जांच की जा रही है.

बता दें कि सूर्यापुर इलाके में लगातार दो शव मिलने और मॉब लिंचिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है. प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *