अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की बेटी आराध्या बच्चन ने हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाया. हालांकि, ऐश्वर्या और अभिषेक ने अब तक बेटी के जन्मदिन की कोई तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर नहीं की है. लेकिन अब आराध्या के बर्थडे सेलिब्रेशन की एक फैमिली फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में आराध्या अपनी मां ऐश्वर्या राय के साथ नजर आ रही हैं.
आराध्या के बर्थडे की तस्वीर हुई वायरल
दरअसल, ऐश्वर्या राय की भाभी श्रीमा राय ने 21 नवंबर को अपना जन्मदिन मनाया था. इस मौके पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर नवंबर महीने में हुए खास पलों की कुछ तस्वीरें शेयर कीं. इसी पोस्ट में आराध्या के जन्मदिन की पार्टी की एक तस्वीर भी दिखाई दी.
इस फैमिली फोटो में आराध्या के साथ उनकी मां ऐश्वर्या राय और छोटे कजिन शिवांश भी नजर आ रहे हैं. बता दें कि आराध्या ने 16 नवंबर को अपना 15वां जन्मदिन परिवार और करीबी लोगों के साथ सादगी से मनाया था.
तस्वीर में आराध्या व्हाइट ड्रेस पहने नजर आ रही हैं. इसके साथ उन्होंने नेकलेस और टियारा भी पहना हुआ है. वहीं, ऐश्वर्या ब्लैक पैंट और स्वेटशर्ट में दिखाई दे रही हैं. फोटो में ऐश्वर्या की मां वृंदा राय और भाभी श्रीमा राय भी मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं.
श्रीमा ने तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि नवंबर का महीना उनके लिए जन्मदिन, फूलों और परिवार के साथ बिताए खास पलों से भरा रहा.
अमिताभ बच्चन ने पोती के लिए लिखा खास संदेश
आराध्या के जन्मदिन पर उनके दादा और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी खास पोस्ट शेयर की थी. उन्होंने अपने ब्लॉग पर पोती को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे भविष्य और खुशहाल जीवन की कामना की थी.
ऐश्वर्या और अभिषेक के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या राय काफी समय से बड़े पर्दे से दूर हैं. उन्होंने अभी तक अपनी अगली फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
वहीं, अभिषेक बच्चन जल्द ही शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे. बताया जा रहा है कि इस फिल्म में वह विलेन की भूमिका निभाएंगे.



