कपिल शर्मा का कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है. शो में कपिल अपने मजाकिया अंदाज और मजेदार सवालों से मेहमानों के साथ खूब हंसी-मजाक करते हैं. अब शो के आने वाले एपिसोड में दर्शकों को मनोरंजन का डबल डोज मिलने वाला है. इस बार बॉलीवुड के दो शानदार कलाकार मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा मेहमान बनकर पहुंचेंगे.
शो में साथ नजर आएंगे मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नए एपिसोड में मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा एक साथ दिखाई देंगे. Netflix ने सोशल मीडिया पर इस एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है. वीडियो में कपिल शर्मा दोनों कलाकारों के साथ मस्ती करते और उन्हें हंसाते नजर आ रहे हैं.
प्रोमो के साथ मेकर्स ने लिखा, ‘ये तो सिर्फ हंसी का ट्रेलर है, असली एंटरटेनमेंट तो अभी बाकी है मेरे दोस्त.’ प्रोमो सामने आने के बाद से ही दर्शक इस एपिसोड का इंतजार कर रहे हैं.
कब और कहां देख सकेंगे नया एपिसोड?
मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा वाला यह एपिसोड 28 नवंबर को रिलीज होगा. दर्शक रात 8 बजे से इसे Netflix पर देख सकेंगे.
शो में कपिल शर्मा के अलावा सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और राजीव ठाकुर भी अपनी कॉमेडी से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं. वहीं, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के ठहाके शो को और मजेदार बनाते हैं.
इन फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं दोनों कलाकार
मनोज बाजपेयी और आशुतोष राणा इससे पहले भी कई फिल्मों में एक साथ काम कर चुके हैं. दोनों ‘तमन्ना’ और ‘एलओसी कारगिल’ जैसी फिल्मों में नजर आए थे.
इसके अलावा, साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘सोनचिड़िया’ में भी दोनों ने साथ काम किया था. इस फिल्म में मनोज बाजपेयी ने डाकू मान सिंह और आशुतोष राणा ने पुलिस अधिकारी वीरेंद्र सिंह गुर्जर का किरदार निभाया था. अब दोनों को एक साथ कपिल शर्मा के शो में देखना दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प होने वाला है.



