जमीन के कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर दिल्ली के एक कारोबारी से 11 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान गुजरात के रहने वाले मुकेश एल. बेलानी के रूप में हुई है. ठगी की रकम लेने के बाद वह फरार हो गया था और एक साल से ज्यादा समय तक पुलिस को चकमा देता रहा. आखिरकार दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे महाराष्ट्र के खोपोली से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खोपोली में अकेले रहकर आलीशान जिंदगी बिता रहा था, जबकि उसका परिवार गुजरात में रहता था. उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था. करीब एक महीने तक लगातार तलाश करने के बाद पुलिस उसे पकड़ने में कामयाब रही.
20 बीघा जमीन का सौदा दिखाकर 11 करोड़ की ठगी
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के कारोबारी ऋषि पाल बंसल को उत्तराखंड के रुड़की के खताखेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया गया था.
मई 2024 में दो आरोपियों ने कारोबारी से संपर्क किया और उन्हें बताया कि जमीन खरीदकर बाद में महंगे दाम पर बेचने से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. इसके बाद उनकी मुलाकात गिरोह के दूसरे सदस्यों से कराई गई.
आरोपियों ने जमीन के पूरे सौदे की जानकारी दी और 20 बीघा जमीन की कीमत 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये तय की. कारोबारी को भरोसा दिलाया गया कि इस सौदे से उन्हें कम समय में मोटा मुनाफा होगा.
पहले भरोसा जीता, फिर हड़प लिए करोड़ों रुपये
आरोपियों ने कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए जमीन से जुड़े समझौते भी तैयार करवाए. इसके बाद अलग-अलग समय पर उनसे नकद और बैंक के जरिए बड़ी रकम ली गई.
कारोबारी को उम्मीद थी कि जल्द ही जमीन का सौदा पूरा हो जाएगा और उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा. लेकिन पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया. न तो जमीन का सौदा हुआ और न ही कारोबारी को उसकी रकम वापस मिली.
जिस जमीन का दिखाया सपना, वह निकली विवादित
कुछ समय बाद कारोबारी को इस सौदे पर शक हुआ. जब उन्होंने जमीन की जांच कराई तो पता चला कि जिस जमीन को खरीदने की बात कही गई थी, वह विवादित है.
इसके अलावा, मौके पर जो जमीन दिखाई गई थी और बिक्री के लिए पेश की जा रही जमीन में भी अंतर था. कारोबारी ने कई बार आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्होंने रकम लौटाने से इनकार कर दिया.
इसके बाद पीड़ित ने अदालत का रुख किया.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR, आरोपी घोषित हुआ भगोड़ा
रोहिणी कोर्ट के आदेश पर 27 मई 2025 को दिल्ली के सुभाष प्लेस थाने में चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश का मामला दर्ज किया गया.
जांच के दौरान मुकेश बेलानी पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा. काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला तो 23 मई 2026 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया.
गुजरात से मुंबई और फिर खोपोली पहुंची पुलिस
आरोपी की तलाश में दिल्ली क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की. पुलिस सबसे पहले गुजरात के वडोदरा पहुंची, जहां आरोपी का घर था. लेकिन वह वहां से पहले ही फरार हो चुका था.
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के जरिए उसकी तलाश जारी रखी. जांच में पता चला कि आरोपी वडोदरा से मुंबई चला गया है. बाद में उसकी लोकेशन मुंबई-पुणे हाईवे के पास महाराष्ट्र के खोपोली में मिली.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने परिवार से भी अलग रह रहा था. वह किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था, ताकि पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन तक आसानी से न पहुंच सके.
करीब एक महीने तक पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे खोपोली से गिरफ्तार कर लिया.
पहले से दर्ज हैं धोखाधड़ी और नकली नोटों के मामले
क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि मुकेश बेलानी के खिलाफ गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी चार अन्य मामले दर्ज हैं.
इन मामलों में धोखाधड़ी के अलावा नकली नोटों से जुड़ा मामला भी शामिल है. गुजरात के करेलीबाग थाने में दर्ज एक केस में उसके पास से 7 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक रूप से मजबूत कारोबारियों को निशाना बनाता था. उन्हें जमीन खरीदने और बाद में महंगे दाम पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता था. बड़ी रकम मिलने के बाद आरोपी सौदा पूरा किए बिना फरार हो जाते थे.
तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जाएगा आरोपी
गिरफ्तारी के बाद मुकेश बेलानी को स्थानीय पुलिस थाने ले जाया गया. इसके बाद उसे महाराष्ट्र के खालापुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दिल्ली पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है.
क्राइम ब्रांच ने दिल्ली के सुभाष प्लेस थाने के जांच अधिकारी को गिरफ्तारी की जानकारी दे दी है. अब आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस उसके अन्य साथियों और ठगी के दूसरे मामलों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है.



