‘जो बचे हैं संग समेट लो’ सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस सीरीज को लेकर भारत में पहले से ही विवाद चल रहा है. इसे बैन करने की मांग भी उठ रही है. इसी बीच मेकर्स ने 24 नवंबर को इसका ट्रेलर जारी कर दिया. ट्रेलर के साथ सीरीज का ओरिजिनल साउंडट्रैक भी रिलीज किया गया है, जिसमें कुल 6 गाने हैं.
बता दें कि यह सीरीज दुनियाभर में 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. हालांकि, भारत में इसकी रिलीज को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के ट्रेलर में दिखीं कई लव स्टोरीज
सीरीज के ट्रेलर की शुरुआत एक खास डायलॉग से होती है, ‘हर प्रेम कहानी, शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाती है.’ इसके बाद कहानी में सिकंदर की एंट्री होती है, जिसका किरदार अहद रजा मीर ने निभाया है. सिकंदर रोम में रहने वाला एक पाकिस्तानी वकील है, जो अपनी जिंदगी के एक दर्दनाक अनुभव से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है.
इसी दौरान उसकी मुलाकात लिजा से होती है. लिजा का किरदार इकरा अजीज ने निभाया है. लिजा की जिंदगी का भी अपना एक मुश्किल अतीत है. दोनों की मुलाकात के बाद उनकी जिंदगी में कई बदलाव आते हैं और कहानी में नए मोड़ देखने को मिलते हैं.
सीरीज में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह अलग-अलग प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी. इसमें फवाद खान महमूद के किरदार में नजर आएंगे, जबकि सनम सईद ने विटोरिया का रोल निभाया है. वहीं, माहिरा खान राहत के किरदार में दिखाई देंगी. उनके साथ अहमद अली अकबर भी नजर आएंगे.
इसके अलावा हानिया आमिर कुलसूम के रोल में हैं. सीरीज में हमजा अली अब्बासी, माया अली, अमीना शेख और ओबेर राणा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. ट्रेलर में सभी किरदारों की अलग-अलग प्रेम कहानियों की झलक देखने को मिली है.
उपन्यास पर आधारित है सीरीज की कहानी
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है. यह किताब साल 2013 में प्रकाशित हुई थी. इससे पहले साल 2009 में भी इस कहानी को ‘खवातीन डाइजेस्ट’ के शो में दिखाया गया था.
इस सीरीज को मोमिना दुरैद ने प्रोड्यूस किया है. इसकी शूटिंग पाकिस्तान, इटली और यूनाइटेड किंगडम में हुई है. 4 दिसंबर को यह सीरीज दुनियाभर में रिलीज होगी, लेकिन भारत में इसकी रिलीज पर अभी सस्पेंस बना हुआ है.



