कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक बड़े होटल में दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां हलसूरु इलाके के कॉनराड होटल (Conrad Hotel) के स्विमिंग पूल में करंट लगने की आशंका के चलते दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. वहीं, उन्हें बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए. यह घटना शुक्रवार (30 अक्टूबर 2026) की शाम की बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में दो विदेशी नागरिकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है. हालांकि, मौत की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी.
दो लोगों को बचाने की कोशिश में अमेरिकी पर्यटक और लाइफगार्ड घायल
हादसे के दौरान स्विमिंग पूल में मौजूद दो लोगों को बचाने के लिए एक अमेरिकी पर्यटक और होटल का लाइफगार्ड आगे आए. इस कोशिश में दोनों घायल हो गए.
घायलों की पहचान 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय राहुल तिवारी के रूप में हुई है. मैथ्यू होटल में पर्यटक के तौर पर ठहरे हुए थे, जबकि राहुल तिवारी होटल में पूल अटेंडेंट और लाइफगार्ड का काम करते हैं.
दोनों घायलों को तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है.
होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
बेंगलुरु पूर्वी डिवीजन के डीसीपी ने हादसे की पुष्टि की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्विमिंग पूल में बिजली का करंट कैसे पहुंचा.
पुलिस होटल में लगे बिजली के उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के पीछे कोई तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा में लापरवाही हुई थी.
फिलहाल मृत विदेशी नागरिकों की पहचान से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.



