महाराष्ट्र में दिवाली की खुशियों के बीच कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. सबसे दर्दनाक हादसा धाराशिव जिले के येदशी गांव में हुआ, जहां आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सभी की जान दम घुटने की वजह से गई. हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, परिवार एक किराने की दुकान की ऊपरी मंजिल पर रहता था. आशंका है कि सबसे पहले आग दुकान में लगी और फिर देखते ही देखते ऊपर के हिस्से तक पहुंच गई. आग फैलने के कारण परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. जहरीले धुएं की वजह से उनका दम घुट गया.
दिवाली के दीये से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों ने घर से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. इसके बाद आधी रात को दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि दिवाली पर जलाए गए मिट्टी के दीये से आग लगी थी. हालांकि, आग लगने की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. धाराशिव सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, चार लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.
महाराष्ट्र के कई शहरों में लगी आग
दिवाली के दौरान महाराष्ट्र के कई शहरों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं. मुंबई के कांदिवली, गोरेगांव, डोंगरी, सांताक्रूज, अंधेरी और विद्याविहार में आग लगने की खबर मिली. इसके अलावा भिवंडी में भी पांच अलग-अलग जगहों पर आग लगी.
ठाणे की तीन रिहायशी इमारतों में आग लगने के बाद करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौके पर पहुंचे. वहीं, बीड में खेती से जुड़े सामान के एक गोदाम में आग लग गई, जिससे तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं.
विरार की HDL इमारत में भी आग लगने की घटना हुई. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके अलावा नवी मुंबई में एक निर्माणाधीन शोरूम में भी आग लग गई.
पिंपरी चिंचवड़ में आग की 50 घटनाएं
दिवाली के दिन नागपुर में एक बाइक शोरूम में आग लग गई, जिससे कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं. वहीं, पिंपरी चिंचवड़ में आग लगने की 50 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं.
इस तरह दिवाली के मौके पर महाराष्ट्र के कई इलाकों में आग की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया. धाराशिव में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत सबसे दर्दनाक हादसा रहा.



