Tue. Jul 28th, 2026

मुंबई: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का 70 साल की उम्र में निधन हो गया। परिवार के अनुसार, लंदन में उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा था। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुनील आनंद के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

परिवार ने जारी किया आधिकारिक बयान

देव आनंद की नातिन और सुनील आनंद की भांजी जीना नारंग ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने अपने बयान में जीना ने कहा- ‘भारी मन से, हमारा परिवार सुनील आनंद के निधन की पुष्टि करता है और शोक व्यक्त करता है। हमें मिल रहे प्यार, दुआओं और समर्थन से बहुत हिम्मत मिली है, जिसके लिए हम सचमुच आभारी हैं। हम इस मुश्किल समय में प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध करते हैं।’

सुनील आनंद के निधन से बॉलीवुड ने एक और अहम नाम खो दिया है। उनके परिवार और करीबी लोगों के लिए यह बेहद दुखद समय है।

सुनील आनंद, हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता देव आनंद और अभिनेत्री कल्पना कार्तिक के बेटे थे। उनका जन्म स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुआ था। उन्होंने 1984 की फिल्म ‘आनंद और आनंद’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके साथ उनके पिता और दिग्गज अभिनेता देव आनंद भी थे।। इस फिल्म में उनके पिता भी थे और यह उनकी पहली ऑन-स्क्रीन साथ काम करने वाली फिल्म थी।

हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद वो ‘कार थीफ’ और ‘मैं तेरे लिए’ जैसी फिल्मों में नजर आए। लेकिन, कोई भी फिल्म उनके एक्टिंग करियर को पटरी पर नहीं ला सकी। फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के बाद, सुनील लाइमलाइट से दूर हो गए और मुंबई में अपने पिता देव आनंद के प्रोडक्शन हाउस, ‘नवकेतन फिल्म्स’ को संभालने पर ध्यान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *