विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के दौरान आतंकवाद से जुड़े सवाल पर पाकिस्तान को लेकर तीखी टिप्पणी की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उनसे आतंकवाद से जुड़ा सवाल पूछा। इस पर जयशंकर ने पाकिस्तान के संदर्भ में जवाब देते हुए कहा, “एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है।”
आतंकवाद को लेकर भारत लगातार उठाता रहा है मुद्दा
भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाता रहा है और पाकिस्तान पर आतंकी संगठनों को समर्थन देने के आरोप लगाता रहा है। पाकिस्तान इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
जयशंकर इससे पहले भी पाकिस्तानी पत्रकारों के आतंकवाद से जुड़े सवालों का जवाब दे चुके हैं। एक पुराने संवाद में उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान से जुड़े आतंकवाद पर सवाल पाकिस्तान के मंत्री से पूछा जाना चाहिए।
भारत, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील ने आतंकवाद की निंदा की
UNGA के दौरान जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला और ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा से भी मुलाकात की। तीनों देशों ने पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका मिलकर IBSA डायलॉग फोरम का हिस्सा हैं।
जहाजों और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
जयशंकर ने UNGA में गल्फ, रेड सी और ब्लैक सी में व्यावसायिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमले स्वीकार नहीं किए जा सकते।
उन्होंने ओमान के पास MV Cape Dao पर हुए हमले का भी जिक्र किया। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हुई थी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को चिंता का विषय बताया है।
एक भारतीय नाविक की हुई थी मौत
MV Cape Dao पर हुए हमले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले भारतीय नाविक सूरज यादव की मौत हुई। जहाज पर कई भारतीय नागरिक सवार थे और हमले के बाद बाकी चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
जयशंकर ने कहा कि भारत और लाइबेरिया जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। हालिया हमलों के बीच दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर सहयोग बढ़ाने की बात कही है।
यह भी पढ़े- गणेश विसर्जन पर मुंबई में रातभर चलेगी मेट्रो, रेलवे भी चलाएगा 34 स्पेशल लोकल ट्रेनें



