पश्चिम बंगाल की राजनीति और सिनेमा जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को मशहूर अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी है।
मिथुन चक्रवर्ती को सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में सलाहकार नियुक्त किया गया है। उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी।
सरकार ने जारी की आधिकारिक अधिसूचना
मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के मुताबिक, राज्यपाल ने मिथुन चक्रवर्ती को सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में सरकार का सलाहकार नियुक्त करने को मंजूरी दी है। यह आदेश जनहित में सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है।
मिथुन चक्रवर्ती सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार बनाए गए
मिथुन चक्रवर्ती जिस सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार बनाए गए हैं, वह सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अधीन है।
इस नियुक्ति के साथ मिथुन को सरकार में औपचारिक भूमिका के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा भी मिलेगा। माना जा रहा है कि सरकार राज्य के सांस्कृतिक और फिल्म क्षेत्र पर अपना ध्यान और मजबूत करना चाहती है।
उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के कार्यक्रम में हुई थी घोषणा
मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति की घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महान बंगाली अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान की थी।
राज्य सरकार इन कार्यक्रमों के जरिए पश्चिम बंगाल की फिल्म और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है। साथ ही सरकार राज्य को एक बड़े सांस्कृतिक और फिल्म केंद्र के रूप में स्थापित करने पर भी जोर दे रही है।
BJP के प्रमुख प्रचारकों में शामिल हैं मिथुन
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेताओं में से एक हैं। वह बीजेपी के सक्रिय नेता और पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में भी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में मिथुन बीजेपी के एक चर्चित चेहरे रहे हैं। अब सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी राजनीतिक और सांस्कृतिक भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है।
यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर की पूजा, नेताओं ने दी बधाई



