रूस के केमेरोवो इलाके में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। यहां An-12 विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 17 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उड़ान के समय विमान में अचानक आग लग गई थी। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेड्यूक ने स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 9:30 बजे हादसे की जानकारी दी। बताया गया कि विमान में आग लगने के बाद पायलट और क्रू मेंबर्स ने उसे रिहायशी इलाकों से दूर ले जाने की पूरी कोशिश की, ताकि जमीन पर रहने वाले लोगों को नुकसान न पहुंचे।
यह विमान साइबेरिया के नोवोसिबिर्स्क से क्रास्नोयार्स्क क्षेत्र के कांसक शहर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसे का शिकार हो गया।
हादसे वाली जगह पर राहत और बचाव दल तैनात
हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर बनाया है। वहां मेडिकल टीम, पुलिस, आपातकालीन सेवाओं और नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। फिलहाल विमान दुर्घटना की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि An-12 सोवियत संघ के समय का चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है। इसे 1950 के दशक में तैयार किया गया था। इसका इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य उपकरणों और दूसरे सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता है।
पहले भी क्रैश हो चुका है रूस का सैन्य विमान
रूस में पिछले कुछ समय से सैन्य विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले अक्टूबर में बाल्टिक सागर के पास स्थित कैलिनिनग्राद इलाके में एक Su-30 लड़ाकू विमान भी नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान क्रैश हो गया था।



