कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ लॉन्च हो गई है. इस किताब में सोनिया गांधी ने गांधी परिवार, अपनी निजी जिंदगी और राजनीति से जुड़े कई किस्सों का खुलासा किया है. किताब में उन्होंने मेनका गांधी के साथ अपने रिश्तों का भी जिक्र किया है. इसी बीच मेनका गांधी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सोनिया गांधी के साथ अपने रिश्तों के बारे में बात करती नजर आ रही हैं.
यह वीडियो सिमी ग्रेवाल को दिए गए एक पुराने इंटरव्यू का है. इसमें मेनका गांधी ने बताया था कि उनके और सोनिया गांधी के बीच उम्र और अनुभव का काफी अंतर था. उन्होंने कहा था कि वह सोनिया को अपनी दोस्त नहीं कह सकतीं, क्योंकि दोनों के बीच उम्र का बड़ा फासला था और अनुभव का अंतर तो उससे भी ज्यादा था.
दोनों की पसंद और विचार थे अलग-अलग
मेनका गांधी ने इंटरव्यू में बताया था कि उनकी और सोनिया गांधी की पसंद बिल्कुल अलग थी. मेनका को खाली समय में किताबें पढ़ना पसंद था, जबकि सोनिया को शॉपिंग करना अच्छा लगता था. हालांकि, कई बार दोनों अपनी पसंद की चीजें एक-दूसरे के साथ साझा करती थीं.
मेनका ने बताया था कि वह कई बार सोनिया के पास किताबें लेकर जाती थीं और उन्हें पढ़ने के लिए कहती थीं. सोनिया कई बार उनकी बात मानकर किताबें पढ़ती भी थीं. इसके बावजूद दोनों के विचार काफी अलग थे. मेनका के मुताबिक, उनके रिश्ते को दोस्ती कहना सही नहीं होगा, लेकिन दोनों के बीच अच्छे और सौहार्दपूर्ण संबंध थे.
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में मेनका के बारे में क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि संजय गांधी और मेनका गांधी की शादी तब हुई थी, जब मेनका सिर्फ 18 साल की थीं. शुरुआत में परिवार में सबकुछ ठीक था. सोनिया के मुताबिक, परिवार में दोनों बहुओं को बराबर का स्थान दिया जाता था, लेकिन मेनका इस व्यवस्था को अपमान के तौर पर देखती थीं.
किताब में सोनिया ने आगे बताया है कि संजय गांधी की मौत के बाद मेनका खुद को उनकी राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी बनाना चाहती थीं. इसी मुद्दे को लेकर गांधी परिवार में मतभेद बढ़ने लगे थे. धीरे-धीरे यह विवाद गंभीर हो गया और परिवार के रिश्तों में दूरियां आ गईं.



