मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस घटना में मरने वालों की संख्या 8 से बढ़कर 15 हो गई है. वहीं, जहरीली शराब पीने से बीमार हुए 181 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने लैम्फेलपट स्थित शिजा अस्पताल और सजीवा स्थित बबीना अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने वहां भर्ती मरीजों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सभी मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है. उन्होंने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों को मरीजों को बेहतर इलाज और हर संभव मदद देने का निर्देश दिया है.
इसके अलावा, जनरल मेडिसिन के एक विशेषज्ञ की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल जिले के लिए रवाना की गई है. यह टीम वहां इलाज और राहत के काम में मदद करेगी.
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने मृतकों के परिवारों के प्रति दुख जताया और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की जांच कराएगी. जो भी लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शिजा अस्पताल में 140 मरीज पहुंचे
शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन खुंडोंगबाम ने बताया कि अस्पताल में पहुंचे मरीजों की जांच के बाद मेथेनॉल पॉइजनिंग यानी जहरीले रसायन से शरीर में फैलने वाले जहर का मामला सामने आया है. यह घटना मुख्य रूप से चकपिकारोंग इलाके से जुड़ी है.
उन्होंने बताया कि अब तक अस्पताल में 140 मरीज लाए गए हैं. इनमें से एक मरीज की मौत हो चुकी थी और उसे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. वहीं, तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है.
अस्पताल के सभी तैयार बेड भर चुके हैं. ऐसे में मरीजों के इलाज के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग, RIMS और JNIMS से मदद मांगी गई है. कुछ मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है. हालांकि, जिन मरीजों को लाइफ सपोर्ट या हीमोडायलिसिस की जरूरत है, उन्हें शिजा अस्पताल में ही रखा जा रहा है.
डॉ. खुंडोंगबाम के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिवारों को भरोसा दिलाया है कि सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी.
कहां से खरीदी गई थी जहरीली शराब?
चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जिन लोगों की मौत हुई है, उन्होंने कथित तौर पर काकचिंग जिले के सुगनू से शराब खरीदी थी. पुलिस ने यह भी कहा कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या कच्ची शराब तैयार करने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगली सूचना मिलने तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब का सेवन न करें.



