दिल्ली में अब सर्दी का असर साफ दिखाई देने लगा है. सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. 20 नवंबर की सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिछले पांच साल में 20 नवंबर के दिन दर्ज किया गया यह दूसरा सबसे कम तापमान है. इससे पहले साल 2022 में इसी दिन तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
नवंबर के दूसरे हफ्ते के बाद तेजी से गिरा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के दूसरे हफ्ते तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था. 10 नवंबर को सफदरजंग में पारा 15.7 डिग्री और 14 नवंबर को 16.4 डिग्री दर्ज किया गया था.
इसके बाद मौसम में तेजी से बदलाव आया. 19 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री पर पहुंच गया. वहीं, 20 नवंबर को यह और कम होकर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यानी 14 से 19 नवंबर के बीच तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट आई.
दिल्ली के कई इलाकों में सामान्य से कम रहा पारा
20 नवंबर को दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. सफदरजंग में तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम यानी 10.5 डिग्री रहा. वहीं, आया नगर में पारा सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अन्य इलाकों की बात करें तो पालम में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री, लोधी रोड में 11.1 डिग्री और रिज में 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
दिन में अभी भी गर्मी का एहसास
सुबह और रात में ठंड बढ़ने के बावजूद दिन के समय तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है. धूप निकलने की वजह से दोपहर में मौसम अभी भी हल्का गर्म बना हुआ है.
20 नवंबर को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री, लोधी रोड में 28.2 डिग्री, रिज में 27.4 डिग्री, आया नगर में 27 डिग्री और पालम में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा रहा.
दिल्ली में नहीं हुई बारिश
फिलहाल दिल्ली में सुबह और दिन के मौसम में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. सुबह लोगों को ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप के कारण मौसम गर्म बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को दिल्ली के पांचों मौसम केंद्रों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.



