दिल्ली-NCR में एक बार फिर बैंड-बाजा और बारात की तैयारियां शुरू हो गई हैं. करीब चार महीने के इंतजार के बाद 21 नवंबर को तुलसी विवाह और देवउठनी एकादशी के साथ शादियों के सीजन का आगाज हो रहा है. इस बार शादी समारोहों से दिल्ली-NCR में करीब 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है. यहां लगभग 5 लाख शादियां होने की संभावना जताई गई है.
वहीं, देशभर में 52 लाख शादियों के आयोजन और उनसे 6 लाख करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद है. व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली के बाद बाजार में आई रौनक अब शादी की खरीदारी से आगे बढ़ेगी.
व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, इस वेडिंग सीजन को लेकर बाजार में तैयारियां तेज हो गई हैं. 11 अक्टूबर को नवरात्रि के साथ शुरू हुए त्योहारी सीजन में कारोबारियों को अच्छा व्यापार मिला. दिवाली के बाद अब कपड़ा, ज्वैलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावट, खानपान और शादी से जुड़ी दूसरी सेवाओं के कारोबारियों की उम्मीदें शादियों पर टिकी हैं.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि इस बार देशभर में 52 लाख और दिल्ली-NCR में करीब 5 लाख शादियां होने का अनुमान है. इन आयोजनों से देशभर में 6 लाख करोड़ रुपये और दिल्ली-NCR में 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है.
GST में राहत के बाद भारतीय उत्पादों की बढ़ी मांग
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा के मुताबिक, GST की दरों में कटौती और राहत के बाद उपभोक्ताओं की खरीदारी की प्राथमिकताओं में बदलाव देखने को मिला है. अब ग्राहक विदेशी सामान के मुकाबले भारतीय उत्पादों को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं. इस बदलाव का असर शादी के बाजार में भी दिखाई दे रहा है.
‘वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स’ अभियान के चलते चीनी लाइटिंग, कृत्रिम सजावट और गिफ्ट एक्सेसरीज जैसे आयातित उत्पादों की मौजूदगी कम हुई है. इसके स्थान पर पारंपरिक कारीगरों, ज्वैलर्स और कपड़ा उत्पादकों को बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं. इससे स्थानीय कारोबार और छोटे उद्यमियों को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद है.
शादी के खर्च से इन कारोबारों को मिलेगा बड़ा फायदा
शादी सिर्फ कपड़े और गहनों की खरीदारी तक सीमित नहीं है. इसके साथ कई उद्योगों और सेवा क्षेत्रों का कारोबार जुड़ा होता है. डेकोरेटर, कैटरर, फ्लोरिस्ट, कलाकार, ट्रांसपोर्टर और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह सीजन कमाई का बड़ा मौका लेकर आता है.
वहीं, वस्त्र, ज्वैलरी, हैंडीक्राफ्ट, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे MSME क्षेत्रों में भी मांग बढ़ती है. शादी की तैयारियों में सामान की खरीद से लेकर आयोजन के दिन तक कई तरह की सेवाओं की जरूरत होती है. यही वजह है कि शादी का बाजार कई कारोबारों को एक साथ गति देता है.
शादी के बजट में कहां कितना खर्च होता है?
CTI महासचिव रमेश आहूजा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा के अनुसार, शादी के कुल खर्च को मुख्य रूप से वस्तुओं की खरीद और सेवाओं पर होने वाले खर्च में बांटा जा सकता है. संगठन की ओर से दिए गए अनुमान के मुताबिक, वस्तुओं की खरीद में खर्च का हिस्सा इस प्रकार है.
• कपड़े, साड़ियां, लहंगे और अन्य परिधान: 10 प्रतिशत.
• आभूषण: 15 प्रतिशत.
• इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली के उपकरण और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स: 5 प्रतिशत.
• सूखे मेवे, मिठाइयां और स्नैक्स: 5 प्रतिशत.
• किराना और सब्जियां: 5 प्रतिशत.उपहार से जुड़ी वस्तुएं: 4 प्रतिशत.
• अन्य सामान: 6 प्रतिशत.वहीं, सेवाओं पर होने वाले खर्च का अनुमान इस तरह है.
• बैंक्वेट हॉल, होटल और शादी के स्थल: 5 प्रतिशत.
• इवेंट मैनेजमेंट: 3 प्रतिशत.
• टेंट और सजावट: 10 प्रतिशत.
• कैटरिंग और खानपान सेवाएं: 10 प्रतिशत.
• फूलों की सजावट: 4 प्रतिशत.
• परिवहन और कैब सेवाएं: 3 प्रतिशत.
• फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी: 2 प्रतिशत.
• ऑर्केस्ट्रा और संगीत: 3 प्रतिशत.
• लाइट और साउंड: 3 प्रतिशत.
• अन्य सेवाएं: 7 प्रतिशत.
इन आंकड़ों से साफ है कि शादी का बाजार कपड़ों और गहनों से आगे बढ़कर आयोजन से जुड़ी तमाम सेवाओं के लिए भी कारोबार का बड़ा अवसर बनता है.
21 नवंबर से फिर शुरू होंगे मांगलिक कार्य
इस बार 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी और तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ विवाह समारोहों की शुरुआत होगी. इस दिन अबूझ साया होने के कारण बड़ी संख्या में शादियां होने की संभावना है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, 24 जुलाई को देवशयनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे. धार्मिक मान्यता के मुताबिक, इस अवधि में विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते. अब 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ मांगलिक आयोजनों का सिलसिला फिर शुरू होगा.
13 दिसंबर से 14 जनवरी तक नहीं होंगे विवाह के मुहूर्त
आचार्य आशीष शास्त्री के अनुसार, 13 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक मलमास के चलते विवाह के मुहूर्त नहीं रहेंगे. इसके बाद 15 जनवरी से विवाह समारोह फिर शुरू होंगे. 28 जून 2027 तक अच्छे विवाह मुहूर्त रहेंगे. इसके बाद शुक्र तारा अस्त होने और 13 जुलाई 2027 को देवशयनी एकादशी के साथ विवाह का सीजन करीब चार महीने के लिए थम जाएगा.
नवंबर 2026 से जून 2027 तक शादी के प्रमुख मुहूर्त
• नवंबर 2026: 21, 24, 25 और 26 नवंबर.
• दिसंबर 2026: 1, 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर.
• जनवरी 2027: 15, 18, 19, 20, 21, 22, 24, 26, 27, 30 और 31 जनवरी.
• फरवरी 2027: 2, 9, 10, 11, 14, 20, 21, 27 और 28 फरवरी.
• मार्च 2027: 1, 2, 3, 4, 8, 9, 10, 18, 19, 20 और 21 मार्च.
• अप्रैल 2027: 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27, 28, 29 और 30 अप्रैल.
• मई 2027: 7, 8, 9, 10, 15, 16, 17, 18 और 19 मई.
• जून 2027: 5, 9, 10, 11, 20, 21, 23, 26, 27 और 28 जून.



