जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार की सम्राट चौधरी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने बिहार में उद्योग और रोजगार को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठाए हैं. प्रशांत किशोर ने पूछा कि अगर बिहार में इतनी फैक्ट्रियां लग रही हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, तो फिर 30 लाख से ज्यादा बिहारी युवा गुजरात में मजदूरी करने क्यों जा रहे हैं?
प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण से ऐसा लग रहा था जैसे बिहार में हर तरफ विकास हो रहा है. राज्य में नई फैक्ट्रियां खुल रही हैं और युवाओं को रोजगार मिल रहा है. लेकिन सवाल यह है कि अगर बिहार में इतना विकास हुआ है, तो यहां के युवाओं को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में क्यों जाना पड़ रहा है?
‘बिहार में नहीं, दूसरे राज्यों में लग रही हैं फैक्ट्रियां’
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बड़ी फैक्ट्रियां बिहार के बजाय गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों में लग रही हैं. बिहार में अभी भी बड़े उद्योगों की कमी है.
उन्होंने कहा कि अगर बिहार में पर्याप्त फैक्ट्रियां और रोजगार के अवसर होते, तो दूसरे राज्यों के मजदूर यहां काम करने आते. लेकिन स्थिति इसके उलट है. बिहार के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री के विकास से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए.
नीतीश सेतु के उद्घाटन पर पीएम मोदी ने क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए बिहार पहुंचे थे. वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था.
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि बिहार में एनडीए सरकार के समय दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश समझौते हुए हैं. गया में 6 हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है. इसके अलावा मोतिहारी समेत राज्य की बंद चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है.
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया था कि बिहार में 11 हजार नए नलकूप लगाए जाएंगे और सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली देने का फैसला किया गया है. उन्होंने कहा था कि पिछले एक साल में राज्य में 200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं.
पीएम मोदी के मुताबिक, बिहार अब बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कहा था कि एनडीए सरकार राज्य को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.



