आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. इस बार CNG और PNG गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ, आगरा समेत पांच शहरों में गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं. ग्रीन गैस लिमिटेड (GGL) ने CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो और घरेलू PNG की कीमत में 1 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) का इजाफा किया है. नई कीमतें लागू हो चुकी हैं.
इस बढ़ोतरी का असर घरों में पाइप से आने वाली गैस इस्तेमाल करने वाले लोगों के साथ-साथ ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चलाने वालों पर भी पड़ेगा.
CNG की नई कीमतें कितनी हुईं?
ग्रीन गैस लिमिटेड ने लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर में CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाए हैं. बढ़ोतरी के बाद अलग-अलग शहरों में नई कीमतें इस प्रकार हैं.
- लखनऊ: 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो
- आगरा: 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो
- उन्नाव: 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलो
- अयोध्या: 106 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो
- सुल्तानपुर: 106 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो
लखनऊ और आगरा में कुछ ही हफ्तों के अंदर दूसरी बार CNG के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ-साथ रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर भी असर पड़ेगा.
PNG गैस के नए रेट क्या हैं?
CNG के साथ घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की कीमतें भी बढ़ाई गई हैं. कंपनी ने पांचों शहरों में PNG के दाम 1 रुपये प्रति SCM बढ़ा दिए हैं.
नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- लखनऊ: 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति SCM
- आगरा: 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति SCM
- उन्नाव: 56 रुपये से बढ़कर 57 रुपये प्रति SCM
- अयोध्या: 57.50 रुपये से बढ़कर 58.50 रुपये प्रति SCM
- सुल्तानपुर: 57.50 रुपये से बढ़कर 58.50 रुपये प्रति SCM
इस बढ़ोतरी के बाद अब इन शहरों में पाइप के जरिए घरों तक पहुंचने वाली रसोई गैस के लिए लोगों को पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
CNG और PNG के दाम क्यों बढ़ाए गए?
ग्रीन गैस लिमिटेड के मुताबिक, गैस की कीमतें बढ़ाने की मुख्य वजह इसे खरीदने की लागत में इजाफा होना है. कंपनी ने बताया कि रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) महंगी हो गई है.
सर्दियों में गैस की मांग बढ़ जाती है. इसके अलावा दुनियाभर में गैस की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. इन वजहों से गैस खरीदने का खर्च बढ़ा है.
कंपनी ने इसी बढ़ी हुई लागत को देखते हुए CNG और PNG की कीमतों में बदलाव किया है. इसका सीधा असर अब आम लोगों के घरेलू बजट और सफर के खर्च पर पड़ेगा.



