बहरीन में होने वाली वर्ल्ड पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम पूरी तरह तैयार है. इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित द लीला पैलेस में विदाई समारोह आयोजित किया गया.
यह चैंपियनशिप 27 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक बहरीन के अमवाज स्थित द आर्ट होटल एंड रिजॉर्ट में आयोजित होगी. इसमें दुनिया के कई बेहतरीन पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. भारतीय खिलाड़ियों के पास इस प्रतियोगिता में अपनी ताकत, मेहनत और प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका होगा.
भारतीय टीम में शामिल हैं 18 खिलाड़ी
इस बार भारतीय दल में कुल 18 खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय पैरा पावरलिफ्टिंग के अध्यक्ष जेपी सिंह के मुताबिक, टीम का लक्ष्य इस चैंपियनशिप में 5 से 6 पदक जीतना है. टीम में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार और अशोक कुमार मलिक भी शामिल हैं.
आईएएनएस से बातचीत में झंडू कुमार ने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना होता है कि उसे देश के प्रधानमंत्री से मिलने और उनसे प्रेरणा लेने का मौका मिले. उन्होंने कहा कि भारत सरकार खिलाड़ियों की काफी मदद कर रही है. इसके अलावा पैरा पावरलिफ्टिंग को आगे बढ़ाने में जेपी सिंह का भी अहम योगदान है.
झंडू ने आगे कहा कि उन्हें एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने का मौका मिलने से बेहद खुशी है.
पदक के साथ देश का गौरव बढ़ाने पर नजर
भारतीय खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में सिर्फ पदक जीतने के इरादे से नहीं उतरेंगे, बल्कि अपने संघर्ष, मेहनत और मजबूत हौसले से देश के लोगों को प्रेरित भी करेंगे. इन खिलाड़ियों की कहानी बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर बड़ी से बड़ी मुश्किल को पार किया जा सकता है.
इस मौके पर लूनैप प्रोफेशनल की सुप्रिया सिंह ने भी भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें अपना समर्थन दिया.
अब पूरे देश की नजरें भारतीय टीम पर हैं. सभी को उम्मीद है कि खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाएंगे.



