प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार (23 नवंबर) को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत की. इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, रेलवे, सड़क, ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद भारत और नेपाल ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया.
भारत ने नेपाल के विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये (24,000 करोड़ नेपाली रुपये) के विशेष पैकेज की घोषणा की. इसके अलावा दोनों देशों के बीच 8 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. इन समझौतों का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना और विकास की नई संभावनाएं तैयार करना है.
रेलवे और सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
भारत और नेपाल के बीच यातायात और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं.
1. अयोध्या-जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा: भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन को दोनों प्रधानमंत्रियों ने हरी झंडी दिखाई. इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही बौद्ध और शिव-शक्ति पर्यटन स्थलों को जोड़ने की भी योजना है.
2. हवाई संपर्क होगा बेहतर: काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ के बीच चलने वाले मौजूदा हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर सहमति बनी है. इसके लिए जरूरी तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
3. रक्सौल-काठमांडू रेल लाइन: भारत और नेपाल के बीच प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिक रेलवे लाइन का सर्वे पूरा हो गया है. इसके अलावा नेपाल की ईस्ट-वेस्ट रेलवे परियोजना में भी भारत मदद करेगा.
4. नए पुल और चेक पोस्ट: भारत के धारचूला और नेपाल के दारचूला के बीच नए मोटर पुल का उद्घाटन किया गया. वहीं, बनबसा में नई इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) की आधारशिला रखी गई. भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में बन रही चेक पोस्ट के काम की भी समीक्षा की गई.
ऊर्जा और बिजली के क्षेत्र में भी बड़े फैसले
भारत और नेपाल ने पेट्रोलियम, गैस और बिजली के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है.
1. तेल पाइपलाइन का विस्तार: दोनों प्रधानमंत्रियों ने मोतीहारी-अमलेखगंज तेल पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया. इसके अलावा नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई. सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया गया.
2. हाइड्रोपावर परियोजनाएं: 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई. इसके अलावा पंचेश्वर बिजली और सिंचाई परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट को जल्द अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया. सप्तकोशी और सुनकोशी नदी परियोजनाओं पर भी काम तेज किया जाएगा. इन परियोजनाओं से बिजली उत्पादन के साथ बाढ़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी.
3. बिजली ट्रांसमिशन लाइन: भारत और नेपाल के बीच बिजली का कारोबार आसान बनाने के लिए दो नई ट्रांसमिशन लाइन बिछाई जाएंगी. इनमें नेपाल के इनरुवा से बिहार के पूर्णिया और दोधारा से उत्तर प्रदेश के बरेली तक बिजली लाइन बनाने की योजना है.
नेपाल के विकास के लिए भारत ने किए बड़े ऐलान
दोनों देशों की बैठक में नेपाल के विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं.
1. 15 हजार करोड़ रुपये का पैकेज: भारत नेपाल के विकास और पुनर्निर्माण के लिए 15,000 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज देगा.
2. नेपाल में बनेगा IIT कैंपस: भारत नेपाल में अपना पहला विदेशी IIT कैंपस स्थापित करेगा. इससे वहां के छात्रों को उच्च शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे.
3. भारतीय बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच: नेपाल को गुजरात के दीनदयाल पोर्ट (कांडला) के जरिए समुद्री व्यापार की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी. जरूरी बुनियादी सुविधाएं तैयार होने के बाद ओडिशा के पारादीप पोर्ट का इस्तेमाल करने की सुविधा भी दी जाएगी.
4. चितवन में बनेगा एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क: नेपाल के चितवन में एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा. इससे कृषि और उद्योग के क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
भारत और नेपाल के बीच हुए 8 अहम समझौते
बैठक के दौरान दोनों देशों ने 8 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. इनमें शिक्षा, पुलिस प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, अंतरिक्ष तकनीक और शहरी विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं.
1. भारत की नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और नेपाल के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शिक्षा और रिसर्च में सहयोग होगा.
2. भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच समझौता हुआ.
3. नेपाल के सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षण देने के लिए भारत और नेपाल के संस्थानों के बीच समझौता किया गया.
4. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे.
5. इसरो और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने पर सहमति बनी.
6. शहरों के विकास और बेहतर शहरी सुविधाओं के लिए तकनीकी सहयोग किया जाएगा.
7. स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच समझौता हुआ.
8. पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया जाएगा.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
इन समझौतों और घोषणाओं पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुए फैसले हर क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं.
पीएम मोदी के मुताबिक, भारत और नेपाल के सपने बड़े हैं और दोनों देश मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि इन फैसलों से भारत और नेपाल की दोस्ती को नई मजबूती और रफ्तार मिलेगी.



