बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करीब दो साल से ज्यादा समय भारत में रहने के बाद 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं. उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को यह जानकारी दी. खास बात यह है कि पहली बार शेख हसीना की ओर से बांग्लादेश वापसी के लिए एक निश्चित तारीख बताई गई है.
शेख हसीना ने 16 दिसंबर का दिन इसलिए चुना है, क्योंकि बांग्लादेश में इस तारीख को विजय दिवस मनाया जाता है. 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश का मुक्ति संग्राम खत्म हुआ था.
बांग्लादेश में बढ़ सकता है राजनीतिक तनाव
शेख हसीना की वापसी की घोषणा से बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका है. उनकी पार्टी पर देश में प्रतिबंध लगा हुआ है. इसके अलावा, इस महीने की शुरुआत में उनके नए पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेजों की मांग के बाद भी वहां तनाव और हिंसा बढ़ने की खबरें सामने आई हैं.
शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने रॉयटर्स को बताया कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश से विमान के जरिए भारत लाया गया था. अब वह चाहती हैं कि सरकार दिल्ली से ढाका लौटने के लिए उनके विमान का इंतजाम करे.
प्रवक्ता के मुताबिक, शेख हसीना का मानना है कि उन्हें संविधान के खिलाफ देश से बाहर किया गया था. ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि विजय दिवस के मौके पर उनकी वापसी की व्यवस्था करे.
बांग्लादेश लौटते ही गिरफ्तार हो सकती हैं शेख हसीना?
शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार का रुख सख्त नजर आ रहा है. वहां के एक मंत्री ने रॉयटर्स को बताया कि शेख हसीना को मौत की सजा का सामना करना पड़ रहा है. अगर वह बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा.
विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने भी साफ कहा कि शेख हसीना जैसे ही बांग्लादेश में प्रवेश करने की कोशिश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी.
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शेख हसीना को भारत से वापस लाने के लिए विमान भेजने के संबंध में दोनों देशों के बीच कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शेख हसीना 16 दिसंबर को वाकई बांग्लादेश लौटेंगी या फिर उनकी वापसी की योजना पर कोई नया फैसला होगा. फिलहाल इस मुद्दे पर दोनों देशों और बांग्लादेश की राजनीति की नजरें टिकी हुई हैं.



