त्रिपुरा में निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है. राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. एक अधिकारी के मुताबिक, अगरतला नगर निगम (AMC) समेत 16 शहरी स्थानीय निकायों में वोट डाले जा रहे हैं.
इन चुनावों में कुल 268 सीटों पर 733 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. चुनाव में 5.56 लाख से ज्यादा मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर सकेंगे. अगरतला नगर निगम में कुल 51 वार्ड हैं.
चुनाव के लिए 10 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
राज्य चुनाव आयोग (SEC) के सचिव अनुराग सेन ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए करीब 4,600 मतदान कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है.
इसके अलावा सुरक्षा के लिए 10 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं. इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 39 कंपनियां भी शामिल हैं.
चुनाव लड़ रहे 733 उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 265 उम्मीदवार बीजेपी के हैं. वहीं, सीपीआई (एम) ने 228 और कांग्रेस ने 201 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं. बीजेपी की सहयोगी पार्टी टिपरा मोथा पार्टी (TMP) की ओर से 10 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इसके अलावा 29 निर्दलीय और अन्य पार्टियों के उम्मीदवार भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सैकड़ों संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान भी जब्त किया गया है.
चुनाव में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा
त्रिपुरा के इन निकाय चुनावों में महिला मतदाताओं की भूमिका काफी अहम है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल मतदाताओं में करीब 2.88 लाख महिलाएं और 2.76 लाख पुरुष हैं. वहीं, तीसरे लिंग के 43 मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चुनाव के लिए CAPF की 39 कंपनियां तैनात करने पर सहमति दी है. इनमें 3,000 से ज्यादा अर्धसैनिक जवान शामिल हैं.
इन सुरक्षा बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान भी तैनात किए गए हैं. सरकार और चुनाव आयोग का मकसद राज्य में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराना है.



