Air India Express की एक फ्लाइट से 19 अक्टूबर को पक्षी टकरा गया। यह विमान विशाखापत्तनम से बेंगलुरु जा रहा था। हालांकि, पायलट ने विमान को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में 148 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट IX2065 की सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग स्टैंड पर ले जाया गया। इसके बाद इंजीनियरों और तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू की। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पक्षी के टकराने से विमान के इंजन या दूसरे हिस्सों को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचा।
दुबई से दिल्ली आ रही Emirates की फ्लाइट से भी टकराया पक्षी
इससे पहले 17 अक्टूबर को दुबई से दिल्ली आ रही Emirates की एक फ्लाइट के साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी। फ्लाइट EK517 दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर रही थी, तभी विमान से पक्षी टकरा गया।
यह घटना दोपहर करीब 3:10 बजे टर्मिनल-3 के पास विमान के उतरने के दौरान हुई। पक्षी के टकराने के कारण विमान की जांच और मरम्मत करनी पड़ी, जिससे दिल्ली से दुबई जाने वाली वापसी की फ्लाइट में देरी हुई।
प्रभावित यात्रियों के लिए होटल की व्यवस्था
Emirates ने अपने बयान में बताया कि विमान की जरूरी मरम्मत के कारण वापसी की उड़ान में देरी हुई। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था करने की भी जानकारी दी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद विमान से पक्षियों के टकराने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। ऐसी घटनाओं के बाद विमान की तकनीकी जांच जरूरी होती है, ताकि उड़ान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



