कठुआ में फायरिंग, 4 जवानों की मौत
जम्मू के कठुआ जिले में CISF के जवानों के बीच हुई फायरिंग में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट और एक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। घटना बसोहली के माशका इलाके में स्थित सेवा पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कठुआ में कहासुनी के बाद कैंप में हुई फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, माशका इलाके में सेवा पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात CISF जवानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक जवान ने अपने सर्विस हथियार से साथी जवानों पर गोली चला दी। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई।
कठुआ में चार जवानों की हुई मौत
फायरिंग में घायल हुए चारों जवानों को इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश की ओर स्थित NHPC अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान:
- असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे
- सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह
- कॉन्स्टेबल रफीक अहमद
- कॉन्स्टेबल संदीप कुमार
के रूप में हुई है।
कठुआ में फायरिंग के बाद आरोपी जवान हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक, CISF के हेड कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार ने अपने सर्विस हथियार से साथी जवानों पर गोली चलाई। घटना के बाद आरोपी जवान को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
CISF ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए CISF मुख्यालय ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
जिस इलाके में यह घटना हुई है, वह हिमाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित है। अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े- INDIA Bloc Meeting: 30 सितंबर की बैठक में नहीं शामिल होंगे अखिलेश यादव, SP के नेता लेंगे हिस्सा



