जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। यह मुठभेड़ यूसमर्ग के गुरुवटकलन इलाके में देर रात हुई।
सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान मूसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान का रहने वाला था और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था।
जम्मू-कश्मीर: यूसमर्ग मुठभेड़ में मारा गया मूसा
सूत्रों के अनुसार, मूसा पिछले कुछ समय से इलाके में सक्रिय था। बताया गया है कि वह लश्कर के आतंकी यासिर का साथी था।
यासिर को 4 सितंबर को यूसमर्ग के पास ऊंचे पहाड़ी इलाके में करीब 13 दिन तक चले ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।
जम्मू-कश्मीर में यासिर के बाद सुरक्षाबल अलर्ट
यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी थी। उसके साथ मौजूद अन्य आतंकियों का पता लगाने के लिए पीर पंजाल के घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली।
जम्मू-कश्मीर: तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़
J&K पुलिस के मुताबिक, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।
ऑपरेशन अभी भी जारी
भारतीय सेना की चिनार कोर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर यूसमर्ग के कोराग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद कार्रवाई की, जिसके दौरान गोलीबारी हुई।
सुरक्षाबलों की ओर से इलाके में ऑपरेशन जारी रहने की जानकारी दी गई है।
यह भी पढ़े- INDIA Bloc Meeting: 30 सितंबर की बैठक में नहीं शामिल होंगे अखिलेश यादव, SP के नेता लेंगे हिस्सा



