बारिश में घर में बढ़ गए हैं मच्छर, मक्खियां और कॉकरोच?
मानसून की बारिश गर्मी से राहत तो देती है, लेकिन इसके साथ मच्छर, मक्खियां, चींटियां, कॉकरोच और दूसरे कीड़ों की संख्या भी बढ़ जाती है। शाम होते ही ये कीड़े घर के अंदर आने लगते हैं, जिससे कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। हालांकि, कुछ आसान उपाय अपनाकर इनसे काफी हद तक बचा जा सकता है।
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
बारिश के मौसम में रुका हुआ पानी मच्छरों के पनपने की सबसे बड़ी वजह होता है। इसलिए कूलर, बाल्टी, गमलों की ट्रे, नालियों और घर के बाहर रखे बर्तनों में पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों और स्टोरेज कंटेनरों को हमेशा ढककर रखें।
दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगाएं
मच्छरों और उड़ने वाले कीड़ों को घर में आने से रोकने के लिए दरवाजों और खिड़कियों पर महीन जाली लगाएं। रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। यह सुरक्षित और बिना किसी केमिकल वाला तरीका है।
घर की नियमित सफाई करें
कॉकरोच, मक्खियां और दूसरे कीड़े गंदगी और नमी वाली जगहों पर तेजी से बढ़ते हैं। इसलिए घर, खासकर रसोई, बाथरूम और स्टोर रूम को साफ और सूखा रखें। खाने की चीजों को ढककर रखें और कूड़ेदान को समय पर खाली करें।
घरेलू क्लीनर का इस्तेमाल करें
सिंक, ड्रेनेज और घर के कोनों की नियमित सफाई करें। सफेद सिरका, नींबू का रस और बेकिंग सोडा मिलाकर घरेलू क्लीनिंग स्प्रे तैयार किया जा सकता है। यह सफाई करने के साथ-साथ कई कीड़ों को दूर रखने में भी मददगार हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर मच्छरों और दूसरे कीड़ों से बचा जा सकता है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमणों का खतरा भी कम होता है।
सफेद रोशनी की जगह पीली या वॉर्म लाइट लगाएं
बहुत कम लोग जानते हैं कि सफेद और नीली रोशनी की ओर कीड़े ज्यादा आकर्षित होते हैं. अगर बालकनी, बरामदे या घर के मुख्य दरवाजे के बाहर पीले या वॉर्म टोन वाले बल्ब लगाए जाएं तो रात में कीड़ों की संख्या कम हो सकती है. इस तरह की रोशनी अधिकांश कीड़ों को कम आकर्षित करती है और घर के बाहर का माहौल भी आरामदायक बना रहता है.
कपूर और लहसुन का लें सहारा
भारतीय घरों में कपूर का इस्तेमाल लंबे समय से प्राकृतिक कीट-रोधी उपाय के रूप में किया जाता रहा है. कमरे में कपूर जलाने या पानी से भरे कटोरे में कपूर की टिकिया रखकर अलग-अलग कोनों में रखने से मच्छरों और कॉकरोच को दूर रखने में मदद मिल सकती है. इसी तरह लहसुन की कुछ कलियों को पानी में उबालकर ठंडा करें और इस घोल को स्प्रे बोतल में भर लें. इसे सिंक के नीचे, कूड़ेदान के आसपास और अंधेरे कोनों में छिड़कने से कीड़े वहां आने से बचते हैं. इन दोनों की तेज गंध कीड़े पसंद नहीं करते.
बता दें कि अगर बारिश के मौसम में शाम के समय बाहर जाना पड़ता है तो हल्के रंग के फुल स्लीव कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है. मच्छर गहरे रंग और खुली त्वचा की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं. अतिरिक्त सुरक्षा के लिए नारियल तेल में नीम या सिट्रोनेला जैसे एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाकर खुली त्वचा पर लगाया जा सकता है. इससे मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है.
