नोएडा के सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग (सुपरनोवा) में शनिवार (3 अक्टूबर 2026) को एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुरुग्राम के मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बिल्डिंग से छलांग लगाते हुए देखा गया युवक
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को बिल्डिंग से छलांग लगाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वीडियो की पुष्टि को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
एक दिन के लिए बिल्डिंग में ठहरा था युवक
पुलिस के मुताबिक, संभव जैन 3 अक्टूबर को स्पायरा बिल्डिंग पहुंचे थे। उन्होंने वहां एक कमरे में एक दिन के लिए ठहरने की व्यवस्था की थी और वह अकेले थे।
शुरुआती जांच में आसपास मौजूद लोगों से पुलिस को पता चला कि युवक मानसिक तनाव में था। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी असली वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
FSL टीम ने जुटाए सबूत
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए।
पुलिस बिल्डिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़े- दिल्ली में नकली नोट गिरोह का खुलासा, 18.23 लाख के नकली नोट बरामद



