रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को बड़ा हमला हुआ। रूस ने यूक्रेन के प्रिलुकी शहर में एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत को निशाना बनाया। इस हमले में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, चेर्निहीव क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव चाउस ने बताया कि हमले में 13 लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।
रूस-यूक्रेन युद्ध: घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हमले के बाद घटनास्थल पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इमरजेंसी सर्विस, पुलिस, रेस्क्यू टीम और मेडिकल स्टाफ मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, राहत टीमों का मुख्य उद्देश्य मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालना और घायलों को जल्द से जल्द इलाज उपलब्ध कराना है।
सुबह करीब 6 बजे हुआ हमला
रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समय के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रिलुकी में रूसी मिसाइल हमला हुआ। कई मिसाइलों में से एक सीधे पांच मंजिला आवासीय इमारत पर जा गिरी। हमले के समय बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे।
रूस ने कई तरह की मिसाइलों से किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने रात के दौरान यूक्रेन के कई इलाकों पर बड़े पैमाने पर हमला किया। हमले में बैलिस्टिक मिसाइल, कैलिबर मिसाइल और उत्तर कोरिया से मिली मिसाइलों समेत कई हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
यूक्रेन की एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों और हमलावर हथियारों को रास्ते में ही रोक दिया, लेकिन कुछ हमले जमीन तक पहुंचने में कामयाब रहे।



