अमेरिका में थमने का नाम नहीं ले रही हैं गोलीबारी की घटनाएं
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर का है, जहां शनिवार दोपहर एक व्यस्त शॉपिंग एरिया में एक व्यक्ति ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में तीन लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया और इलाके को सुरक्षित कर लिया। फिलहाल पुलिस हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
शॉपिंग एरिया में अचानक हुई फायरिंग
सीएनएन के मुताबिक, यह घटना शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई. एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने ट्विन फॉल्स के मशहूर ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां के पास स्थित शॉपिंग एरिया में अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं. फायरिंग शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. अधिकारियों ने हमलावर को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर गोली लगने से मारा गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में एक व्यक्ति AR-स्टाइल राइफल लेकर ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां के सामने घूमता दिखाई दे रहा है. वहीं दूसरे वीडियो में वही व्यक्ति पार्किंग क्षेत्र में अंधाधुंध गोलियां चलाता नजर आता है.
फायरिंग के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखे.
पुलिस प्रमुख ने कहा- अब कोई खतरा नहीं
ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग ने घटना के करीब एक घंटे बाद घोषणा की कि अब हमलावर से किसी तरह का खतरा नहीं है. पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “संदिग्ध बंदूकधारी घटना स्थल के पास ही मौजूद था, जिसे मार गिराया गया है.
अब समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है. हम हमलावर की पहचान और इस हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.”
सड़कें और पुल बंद किए गए
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने शॉपिंग एरिया के आसपास की कई सड़कों और पास के एक पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया.
लगभग 55 हजार आबादी वाला ट्विन फॉल्स शहर अब अमेरिका में मास शूटिंग की घटनाओं से प्रभावित शहरों की सूची में शामिल हो गया है.
यह भी पढ़े- UNESCO की वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल हुआ सारनाथ
