उत्तर भारत में वायु प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. सर्दियों की शुरुआत होते ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर भारत के 33 शहरों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है. पंजाब का बठिंडा 1410 AQI के साथ सबसे प्रदूषित शहर बताया गया है.
देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में उत्तर प्रदेश के पांच, हरियाणा के तीन और पंजाब के दो शहर शामिल हैं. दिल्ली-एनसीआर में भी लोगों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिल रही है. प्रदूषण बढ़ने से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
टॉप-10 प्रदूषित शहरों में यूपी के पांच शहर
प्रदूषण के मामले में पंजाब का बठिंडा पहले नंबर पर है. इसके बाद मेरठ दूसरे और हरियाणा का सिरसा तीसरे स्थान पर है. वहीं, उत्तर प्रदेश का हापुड़ चौथे और हरियाणा का पानीपत पांचवें स्थान पर है.
आंकड़ों के मुताबिक, हापुड़ में 942, पानीपत में 918 और पंजाब के फरीदकोट में 893 AQI दर्ज किया गया. इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 770, सोनीपत में 749, गाजियाबाद में 724 और ग्रेटर नोएडा में 705 AQI रिकॉर्ड किया गया है. मेरठ और सिरसा में भी प्रदूषण का स्तर 1000 के पार बताया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में भी सांस लेना हुआ मुश्किल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी हवा की स्थिति काफी खराब बनी हुई है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में 639, नोएडा में 635, नई दिल्ली में 558 और गुरुग्राम में 543 AQI दर्ज किया गया है.
वहीं, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा भी देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल हैं. ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को प्रदूषण के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
दक्षिण भारत के शहरों में हवा की स्थिति बेहतर
उत्तर भारत के मुकाबले दक्षिण और पश्चिम भारत के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है. चेन्नई में 181, हैदराबाद में 173 और मुंबई में 170 AQI दर्ज किया गया है. वहीं, कोलकाता में यह आंकड़ा 119 रहा.
इन आंकड़ों से साफ है कि फिलहाल उत्तर भारत के कई शहरों में प्रदूषण की समस्या दूसरे बड़े शहरों के मुकाबले ज्यादा गंभीर है.
पराली और पटाखों के धुएं से बढ़ा प्रदूषण
सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई कारण हैं. पंजाब और हरियाणा में किसानों द्वारा पराली जलाने से निकलने वाला धुआं हवा को प्रदूषित करता है. इसके अलावा दिवाली पर जलाए गए पटाखों से भी वातावरण में प्रदूषण बढ़ता है.
सर्दियों में तापमान कम होने और हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से प्रदूषण के कण वातावरण में ही जमा रहने लगते हैं. कई बार तापमान में उलटफेर यानी इन्वर्जन की स्थिति बन जाती है. इससे प्रदूषक तत्व जमीन के करीब जमा हो जाते हैं और धुंध के साथ स्मॉग बढ़ने लगता है.
कितना AQI होने पर हवा खतरनाक मानी जाती है?
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI से पता चलता है कि किसी जगह की हवा कितनी साफ या प्रदूषित है. भारतीय मानकों के अनुसार AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है.
- 0 से 50 AQI: अच्छी हवा
- 51 से 100 AQI: संतोषजनक
- 101 से 200 AQI: मध्यम
- 201 से 300 AQI: खराब
- 301 से 400 AQI: बहुत खराब
- 401 से 500 AQI: गंभीर
अगर हवा में प्रदूषण का स्तर ज्यादा रहता है तो लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है. गंभीर प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है.



