आजकल ज्यादातर घरों में कपड़े धोने के लिए वाशिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाता है. सर्दी हो या बरसात, यह कुछ ही मिनटों में कपड़े धोने का काम आसान बना देती है. लेकिन कई लोग रोज मशीन का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन उसकी सही देखभाल पर ध्यान नहीं देते.
अक्सर लोग मशीन में कपड़े डालकर डिटर्जेंट मिलाते हैं और बटन दबा देते हैं. लेकिन आपकी यही छोटी-छोटी गलतियां धीरे-धीरे वाशिंग मशीन को खराब कर सकती हैं. कई बार मशीन से तेज आवाज आने लगती है या उसकी मोटर अचानक काम करना बंद कर देती है. ऐसे में मशीन ठीक कराने के लिए 3 से 5 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं. आइए जानते हैं कि कपड़े धोते समय किन गलतियों से बचना चाहिए.
1. मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े न भरें
कई लोग समय और बिजली बचाने के लिए एक साथ बहुत सारे कपड़े मशीन में डाल देते हैं. कुछ लोग तो पूरे हफ्ते के कपड़े या भारी कंबल भी एक ही बार में धोने लगते हैं. लेकिन ऐसा करना मशीन के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
दरअसल, हर वाशिंग मशीन की एक तय क्षमता होती है. जैसे 6 किलो, 7 किलो या 8 किलो. अगर आप ड्रम में जरूरत से ज्यादा कपड़े भर देते हैं तो उन्हें घूमने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती. पानी पड़ने के बाद कपड़ों का वजन और बढ़ जाता है, जिससे मोटर पर ज्यादा दबाव पड़ता है.
लगातार ऐसा करने से मोटर गर्म हो सकती है और मशीन के दूसरे हिस्से भी खराब हो सकते हैं. इसलिए भारी कपड़े, कंबल और जैकेट को एक साथ धोने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में धोना बेहतर है.
2. कपड़ों की जेब चेक करना न भूलें
वाशिंग मशीन में कपड़े डालने से पहले उनकी जेब जरूर चेक करें. कई बार जेब में सिक्के, चाबियां, हेयर क्लिप, सेफ्टी पिन या कागज जैसी चीजें रह जाती हैं.
मशीन घूमने के दौरान ये चीजें बाहर निकलकर ड्रम या ड्रेन पंप में फंस सकती हैं. इससे पानी निकलने में परेशानी हो सकती है और मशीन का पंप जाम भी हो सकता है.
इसके अलावा बच्चों के छोटे मोजे और रुमाल भी मशीन के अंदर फंस सकते हैं. इसलिए छोटे कपड़ों को धोने के लिए जालीदार लॉन्ड्री बैग का इस्तेमाल करें. इससे कपड़े सुरक्षित रहेंगे और मशीन को नुकसान पहुंचने का खतरा भी कम होगा.
3. गलत डिटर्जेंट डालने से बचें और फिल्टर साफ रखें
वाशिंग मशीन में किसी भी तरह का डिटर्जेंट इस्तेमाल करना सही नहीं है. खासकर फुली ऑटोमैटिक मशीन में हाथ से कपड़े धोने वाला सामान्य सर्फ डालने से बचना चाहिए.
ऐसे डिटर्जेंट से जरूरत से ज्यादा झाग बन सकता है, जिससे मशीन के सेंसर और दूसरे हिस्सों में परेशानी आ सकती है. इसके अलावा डिटर्जेंट के बचे हुए कण पाइप और मशीन के अंदर जमा हो सकते हैं.
मशीन में लगा लिंट फिल्टर भी समय-समय पर साफ करना जरूरी है. इस फिल्टर में कपड़ों के धागे, रेशे और गंदगी जमा होती रहती है. अगर इसे लंबे समय तक साफ नहीं किया जाए तो पानी निकलने का रास्ता बंद हो सकता है और मशीन ठीक से काम नहीं करेगी.
इसलिए हर कुछ बार कपड़े धोने के बाद फिल्टर की सफाई जरूर करें और हमेशा अपनी मशीन के हिसाब से सही डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें.
ध्यान रखें: वाशिंग मशीन की सही देखभाल करने से न सिर्फ उसकी उम्र बढ़ती है, बल्कि बार-बार मैकेनिक बुलाने और हजारों रुपये खर्च करने से भी बचा जा सकता है.



