कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब लॉन्च होने के बाद से ही राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. इस बीच बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत भी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं. गांधी परिवार को लेकर की गई उनकी पोस्ट के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के शिमला में FIR दर्ज कराई गई है.
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के मुताबिक, यह मामला शिमला के रहने वाले कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत ने 10 नवंबर को अपने वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसी पोस्ट शेयर की थीं, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी व राजीव गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 353 और 356 के तहत केस दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शिकायत में क्या आरोप लगाए गए?
कैप्टन अतुल शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को ईमेल भेजकर कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज करने और उनकी सोशल मीडिया पोस्ट की साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन पोस्ट के जरिए गांधी परिवार को लेकर गलत और भड़काऊ जानकारी फैलाई गई. इससे समाज में तनाव और आपसी नफरत फैलने की आशंका है.
सोनिया गांधी को लेकर क्या कहा गया?
शिकायत के अनुसार, कंगना की पोस्ट में सोनिया गांधी को एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में पेश किया गया था. पोस्ट में दावा किया गया था कि जब उनके परिवार के सदस्यों की एक-एक करके मौत हुई, तब वह विदेश के एक कैफे में मौजूद थीं. इसके बाद वह देश की सरकार की मुखिया बनीं.
इसके अलावा पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को अचानक परिवार के घर से बाहर कर दिया गया था.
शिकायतकर्ता ने इन दावों को भ्रामक और भड़काऊ बताते हुए कहा कि इस तरह की पोस्ट से लोगों के बीच गलत संदेश जा सकता है और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है. अब पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.



