पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के हाउस अरेस्ट को लेकर विवाद जारी है। इस बीच उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के जरिए उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या उन्हें वास्तव में हाउस अरेस्ट किया गया है या सिर्फ घर में रहने की सलाह दी गई है।
सोनम वांगचुक ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह उनकी नजरबंदी का तीसरा दिन है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में उनके वकीलों ने उनसे पूछा है कि क्या यह सच में 60 दिनों की नजरबंदी है या फिर केवल घर पर रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि लद्दाख के डीजीपी ने अपने ट्वीट में इसे घर पर रहने की सलाह बताया था।
वांगचुक के मुताबिक, मजिस्ट्रेट के आदेश में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इसलिए उन्होंने वीडियो के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति है या नहीं।
वीडियो बनाकर सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को भेजेंगे
वीडियो में सोनम वांगचुक के हाथ में मजिस्ट्रेट के आदेश की कॉपी दिखाई दे रही है। इस आदेश में उनके बाहर आने-जाने पर रोक लगाई गई है, लेकिन इसमें हाउस अरेस्ट शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
इसके बाद वांगचुक घर से बाहर निकलते हैं और वहां तैनात पुलिसकर्मी से पूछते हैं कि क्या उन्हें बाहर जाने की अनुमति है। वह पुलिसकर्मी को बताते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में उनके वकीलों ने इस बारे में वीडियो मांगा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें रोका जा रहा है या नहीं।
पुलिसकर्मी ने कहा- हां, हम आपको रोक रहे हैं
वीडियो में सोनम वांगचुक पुलिसकर्मियों से कहते हैं कि अगर उन्हें बाहर जाने से रोका जा रहा है, तो वे कैमरे के सामने साफ-साफ बताएं। वह कहते हैं कि ऐसा इसलिए जरूरी है, ताकि बाद में कोई यह न कह सके कि उन्हें बाहर जाने से नहीं रोका गया था।
इसके बाद जब सोनम वांगचुक आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, तो पुलिसकर्मी उन्हें रोक देते हैं। इस पर वह पूछते हैं कि क्या उन्हें रोका जा रहा है? जवाब में पुलिसकर्मी कहते हैं कि हां, उन्हें रोकने का आदेश मिला है।
इसके बाद सोनम वांगचुक कहते हैं कि जब उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं है और पुलिस उन्हें रोक रही है, तो इसे हाउस अरेस्ट ही कहा जाएगा।
इस वीडियो के जरिए वांगचुक ने नजरबंदी के आदेश और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लोगों से भी पूछा है कि क्या दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में कानूनों की व्याख्या अपनी सुविधा के अनुसार की जानी चाहिए।



