पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पिछले करीब सात महीनों से फंसे 6 भारतीय नाविकों की घर वापसी की उम्मीद बढ़ गई है. भारत सरकार ने उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं. विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि इस मामले को जल्द सुलझाने के लिए शिपिंग कंपनी और संबंधित अधिकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार जहाज पर मौजूद भारतीय नाविकों, उनकी कंपनी और शिपिंग कंपनी के एजेंट के संपर्क में है. इसके अलावा, पाकिस्तान के सामने भी इस मामले को उठाया गया है और कांसुलर मदद के लिए अनुरोध भेजा गया है.
उन्होंने कहा कि यह मामला मुख्य रूप से जहाज के मालिक और कर्मचारियों के बीच विवाद से जुड़ा है. समुद्री नियमों के अनुसार, किसी जहाज के पुराने क्रू के जाने से पहले उनकी जगह नए कर्मचारियों की व्यवस्था करनी जरूरी होती है. इसी वजह से नाविकों की वापसी में परेशानी आ रही है.
कैसे पाकिस्तान में फंसे 6 भारतीय नाविक?
परिजनों के मुताबिक, ये सभी नाविक 17 अप्रैल 2026 को जहाज के कराची बंदरगाह पहुंचने के बाद से वहीं फंसे हुए हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत किशोर मिश्रा भी शामिल हैं.
विनीत ने 25 फरवरी को ईरान की केवर शिपिंग कंपनी में नौकरी शुरू की थी. इसके बाद वह कंपनी के जहाज पर ओमान से कराची पहुंचे थे. परिवार का आरोप है कि कराची पहुंचने के बाद शिपिंग कंपनी और बंदरगाह अधिकारियों के बीच विवाद हो गया. इसके कारण जहाज पर मौजूद भारतीय नाविकों की मुश्किलें बढ़ गईं.
15 दिन में सिर्फ एक बार परिवार से हो पाती है बात
नाविकों के परिवारों का आरोप है कि जहाज पर मौजूद भारतीय कर्मचारियों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं. इतना ही नहीं, जहाज की बिजली भी काट दी गई है.
परिजनों के मुताबिक, जहाज पर संपर्क करना काफी मुश्किल हो गया है. नाविक करीब 15 दिनों में सिर्फ एक बार ही अपने परिवार से बात कर पाते हैं. विनीत मिश्रा के परिवार का कहना है कि उनका नौकरी का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह घर वापस नहीं लौट पा रहे हैं.
कंपनी के विवाद में फंसे भारतीय नाविक
विनीत मिश्रा के परिवार ने बताया कि सभी नाविक सामान्य नौकरी के लिए गए थे, लेकिन अब उन्हें कई महीनों से जहाज पर रहना पड़ रहा है. उनकी वापसी की कोई निश्चित तारीख भी नहीं बताई गई है.
परिवारों ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग और विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है. इसके अलावा प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, स्थानीय विधायक और सांसद से भी हस्तक्षेप करने की अपील की गई है.
परिजनों का कहना है कि उन्हें लगातार मदद का भरोसा दिया जा रहा है, लेकिन नाविक अभी भी कराची में फंसे हुए हैं.
समुद्री नियमों के कारण बढ़ रही परेशानी
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस मामले में समुद्री नियम भी एक बड़ी समस्या हैं. नियमों के अनुसार, किसी जहाज को बिना नए क्रू की व्यवस्था किए खाली नहीं छोड़ा जा सकता. पुराने कर्मचारियों की जगह नए नाविकों के आने के बाद ही उन्हें औपचारिक रूप से काम से मुक्त किया जा सकता है.
फिलहाल भारत सरकार शिपिंग कंपनी, उसके एजेंट और पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है. सरकार की कोशिश है कि इस विवाद का जल्द समाधान निकले और सभी 6 भारतीय नाविक सुरक्षित अपने घर लौट सकें.



