जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर घाटी में सक्रिय चार आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए हैं. ये पोस्टर श्रीनगर शहर, सुरक्षा ठिकानों के आसपास और कई बाहरी इलाकों में लगाए गए हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें इन आतंकियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत सुरक्षाबलों को बताएं.
खास बात यह है कि इन चार आतंकियों में लतीफ डार का नाम भी शामिल है. कुछ दिन पहले ही कश्मीर के IGP सुजीत कुमार ने लतीफ डार को घाटी का एकमात्र सक्रिय स्थानीय आतंकवादी बताया था. हालांकि, अब सुरक्षा एजेंसियों ने चार सक्रिय आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं.
पोस्टर में चार आतंकियों के नाम और पहचान जारी
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को कुछ खुफिया जानकारी मिली थी. इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि ये चारों आतंकी कश्मीर घाटी में मौजूद हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना सकते हैं.
सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी पोस्टरों में चार संदिग्ध आतंकियों के नाम और उनके रहने की जगह की जानकारी दी गई है.
इनमें शामिल हैं:
- बिलाल अहमद मीर: सोपोर के ब्राथ कलां का रहने वाला है.
- आबिद कय्यूम लोन: बारामूला जिले के पट्टन का निवासी है.
- मोहम्मद लतीफ भट: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले का रहने वाला है.
- मोहम्मद उमर मीर: बारामूला जिले के सोपोर इलाके का निवासी है.
आतंकियों की जानकारी देने वालों को मिलेगा इनाम
सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों से इन आतंकियों के ठिकाने, छिपने की जगह और उनके आने-जाने के रास्तों से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है.
अधिकारियों के मुताबिक, जो भी व्यक्ति ऐसी पुख्ता जानकारी देगा, जिससे आतंकियों का पता लगाने या उन्हें पकड़ने में मदद मिलेगी, उसे नकद इनाम दिया जाएगा.
साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. इसका मकसद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में आम जनता का सहयोग लेना है.



