दुनियाभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हिंदू समुदाय को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने दुनिया भर के हिंदुओं के साथ-साथ पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू परिवारों को भी बधाई दी.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शहबाज शरीफ का संदेश साझा किया. इसमें उन्होंने कहा कि दिवाली के इस खुशी भरे मौके पर मैं दुनिया भर के हिंदू समुदाय को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं.
उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का त्योहार है. यह नफरत, असहिष्णुता और निराशा को दूर करने का संदेश देता है. साथ ही यह त्योहार लोगों को शांति, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है.
पाकिस्तानी हिंदू समुदाय को लेकर क्या बोले शहबाज शरीफ?
शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं की तारीफ करते हुए कहा कि हिंदू समुदाय देश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. पाकिस्तान के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में उनका बड़ा योगदान है.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता पर गर्व है. अलग-अलग धर्मों और परंपराओं का होना देश की एक बड़ी ताकत है.
अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा का दिया भरोसा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की पोस्ट में कहा गया कि देश का संविधान अल्पसंख्यकों के धार्मिक और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी देता है.
सरकार हर नागरिक के अधिकार, सम्मान और धार्मिक आजादी की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी व्यक्ति के साथ उसके धर्म, जाति या समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए.
भाईचारा और शांति बढ़ाने की अपील
शहबाज शरीफ ने अपने संदेश में सभी धर्मों के लोगों से आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर एक शांतिपूर्ण और खुशहाल समाज बनाने की दिशा में काम करना चाहिए.
उन्होंने उम्मीद जताई कि दिवाली मनाने वाले पाकिस्तान के सभी हिंदू परिवार इस त्योहार को खुशी और उत्साह के साथ मनाएंगे. साथ ही समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि और उम्मीद का संदेश फैलाएंगे.



