तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट 2026 के आखिरी दिन राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में इटली के एक नेता जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद थे और नारा सुनकर हंसते नजर आए। इस घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
14 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में जियाकोमो फिलिबेक ने सभा को संबोधित करते हुए लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बात कही। वह यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव हैं।
इटली के नेता ने मंच से लगाया नारा
अपने संबोधन में जियाकोमो फिलिबेक ने कहा कि हर लोकतंत्र का आधार ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का सिद्धांत है। इसके लिए मतदाता सूची का साफ और पारदर्शी होना जरूरी है।
उन्होंने रामलीला मैदान तक निकाले गए मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों लोगों की भागीदारी बताती है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए लोग आज भी आवाज उठा सकते हैं।
इसी दौरान उन्होंने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में भी कहा, ‘Vote Thief, Leave Seat’। उस समय मंच पर राहुल गांधी मौजूद थे और मुस्कुराते दिखाई दिए।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर बोला हमला
इस घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी प्रवक्ता जफर इस्लाम ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी ऐसे लोगों के साथ खड़ी है, जो देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मकसद देश को कमजोर करने वाली ताकतों को समर्थन देना है। बीजेपी ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी बोले- हम नरेंद्र मोदी को हराने जा रहे हैं
वहीं, भारत समिट में राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान भारतीय लोकतंत्र को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसका मजबूत बने रहना पूरी दुनिया के हित में है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारत में अब लोकतंत्र पहले जैसा नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष पूरी ताकत के साथ नरेंद्र मोदी को हराएगा और उनकी सरकार को सत्ता से हटाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि देश की सड़कों पर बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में विपक्ष को सफलता मिलेगी।



